ओवैसी बोले- मुझे रावण बोलने के लिए शुक्रिया अखिलेश:पूछा- मुजफ्फरनगर दंगे क्यों रोक नहीं पाए, तुम्हारे पास 32 मुस्लिम विधायक थे

शामली में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार शाम को जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा- हम रावण नजर आते हैं। अखिलेश ने हम पर इनडायरेक्टली तीर मारा। शुक्रिया, अखिलेश यादव। मैं अपने मकसद में कामयाब हो गया। मैं चाहता था कि तेरी जुबान से जहर उगलवाऊं। तेरी जुबान से यह जाहिर हो जाए कि तू एक दाढ़ी और टोपी रखने वाले से कितना नफरत करता है। तेरी नजर में हर मुसलमान, जो सर पर टोपी और चेहरे पर दाढ़ी है, तुमको वो रावण नजर आता है। ओवैसी ने आगे कहा कि अखिलेश न सिर्फ बीजेपी की जुबान में बोल रहे हैं, बल्कि अबू जहल की रूह तुम्हारे जिस्म में समा चुकी है। तुम किसी और के बारे में बोलकर दिखाओ। क्या तुम मोदी को रावण बोलोगे? मोदी को रावण बोलोगे तो रिवर फ्रंट खुल जाएगा। वो पूरा हाईवे बनाया, वो फाइल खुल जाएगी। दरअसल, 22 अक्टूबर को अखिलेश रामपुर जेल में आजम खान से मिलने पहुंचे थे। तब ओवैसी को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा था- रावण ने भी एक दिन के लिए वेश बदलकर सीता माता का हरण किया था, लेकिन यहां तो वर्षों से भेष बदला हुआ है। पढ़िए ओवैसी की 7 प्रमुख बातें ‘मुजफ्फरनगर कांड के वक्त सपा के 32 मुस्लिम विधायक थे’ ओवैसी ने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने कहा- हमने इनको वोट डाला। इसी सरजमीं पर दुनिया ने अपनी आंखों से देखा कि कैसे मुजफ्फरनगर का कांड हुआ? 50 हजार लोग अपने घरों से बेघर हो गए। बच्चियों पर हमले हुए, बच्चे यतीम हो गए। जो 100-100 साल अपने गांव और उस जमीन पर रहते थे, वो बेघर हो गए। किसकी सरकार थी? समाजवादी की सरकार थी। कौन था मुख्यमंत्री? अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे। जो लोग आज बोलते हैं, अगर ओवैसी के 5 या 10 एमएलए जीत जाएंगे तो क्या होगा। मैं तुमसे पूछना चाहता हूं, तुम्हारी पार्टी में 32 मुसलमान एमएलए थे, क्या तुम मुजफ्फरनगर के कांड को रोक सके? तुम नहीं रोक सके क्योंकि तुम मुसलमानों के लीडर नहीं हो। तुम समाजवादी के गुलाम थे और गुलाम रहोगे। ‘मुजफ्फरनगर में लोग कांप रहे थे, अखिलेश सैफई में नाच देख रहे थे’ ओवैसी ने कहा कि जब मुजफ्फरनगर में गरीब और मजबूर लोग कड़ाके की ठंड में परेशान थे, तब अखिलेश यादव सैफई में मुंबई से फिल्मी सितारों को बुलाकर नाच-गाना और तमाशा देख रहे थे। आपकी यह जुर्रत कि आप मुझ पर उंगली उठाएंगे? मुजफ्फरनगर कांड में सात महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़ित महिलाओं पर दबाव बनाया गया और उन्हें डराया गया। सात में से छह महिलाओं ने अपने केस वापस ले लिए, जबकि एक महिला ने हिम्मत से मुकदमा लड़ा और 2023 में उसे इंसाफ मिला। अखिलेश 2017 तक मुख्यमंत्री थे और उनके पास 47 मुस्लिम विधायक थे। क्या आप और आपके 47 मुस्लिम विधायकों में इतनी हिम्मत नहीं थी कि उन सात महिलाओं को पुलिस सुरक्षा दिलाते? जब वे कोर्ट जातीं और जज के सामने बयान देतीं, तब उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात कराते। ‘अखिलेश के रिश्तेदार तेजस्वी ने मेरे किरदार पर सवाल उठाए’ ओवैसी ने कहा- आपके(अखिलेश) रिश्तेदार तेजस्वी यादव ने भी मेरे किरदार को खराब करने की कोशिश की। सीमांचल की जनता ने उसको जवाब दे दिया। तुमने हमारे चार को तोड़ा था, तब भी हम बीजेपी को रोकना चाहते थे। हम यह नहीं देख रहे थे कि तुमने हमारे चार को तोड़ा। हमारा गम था, हमारा गुस्सा था। सीमांचल की जनता बोल रही थी कि ओवैसी, हम तुम्हारे साथ हैं। हमने कहा, भाजपा को रोकना है। आपने कबूल नहीं किया। सीमांचल की जनता ने हमारे पांच विधायक को फिर से कामयाब कर दिया। एक सीट हम 370 वोट से हार गए, एक सीट 9,000 वोट से हार गए। हम पांच जीत गए। ‘नेता बनाने से जुल्म खत्म होता है, बच्चों का भविष्य संवरता है’ ओवैसी ने कहा कि सिर्फ सरकार बनाने से कुछ नहीं होता, बल्कि ऐसे नेता चुनना जरूरी है, जो लोगों को उनके अधिकार दिला सकें। नेता बनाने से जालिम का जुल्म खत्म होता है। नेता बनाने से पुलिस का जुल्म खत्म होता है। नेता बनाने से संविधान के अधिकार मिलते हैं। नेता बनाने से गरीब मांओं के ख्वाबों को पूरा किया जा सकता है। नेता बनाने से हम अपने बच्चों के मुस्तकबिल को संवार सकते हैं।सीमांचल की जनता ने ऐसा ही करके दिखाया। ‘अरुणाचल बॉर्डर पर चीन की फौज घुसी’ ओवैसी ने कहा- ये अरुणाचल प्रदेश के बॉर्डर पर क्या हो रहा है? ITBP के DGP बयान देते हैं कि चीन की फौज अरुणाचल प्रदेश और चीन के बॉर्डर पर, जिस एरिया को हम अपना कहते हैं, वहां घुसकर बैठ गई है। अरे मोदी जी, कुछ तो बोलो देश को! छुपाने की बात क्या है? ये भारत की सलामती का मसला है। चीन कैसे हमारी जमीन पर अरुणाचल प्रदेश के बॉर्डर पर घुसकर बैठा है। देश को आपने बोला था- ‘ना कोई घुसा है, ना कोई घुसेगा।’ इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस का DG कह रहा है कि अरुणाचल प्रदेश के अंदर चीन की फौज घुसकर बैठी है। मोदी जी, डरो मत शी जिनपिंग से! हिम्मत और हौसला दिखाओ और इन चीनी फौजों को निकालकर फेंको। अगर चीन को नहीं हटा सकते, तो गद्दी छोड़ो। हम किसी बहादुर को लाकर बैठाएंगे। ‘हर चुनाव में कहते हैं भैया पर जवानी कुर्बान करो’ ओवैसी ने कहा- पहले बदायूं की सांसद सीट से मुसलमान सांसद बनता था। अब वहां पर अखिलेश के भाई सांसद बन गए। एक जमाना था, फिरोजाबाद से एक मुसलमान सांसद बनता था। अब वहां से अखिलेश के परिवार के लोग सांसद बन गए। अखिलेश और उनका यादव परिवार यह कह रहा है कि जितने हमारे परिवार में बच्चे-बच्चियां पैदा होंगे, तुम्हारा काम यह है अब्दुल कि तुम अपनी सालगिरह पर केक नहीं काटना, अपनी सांसद और विधायक की सीट हमारे परिवार के बच्चों और बच्चियों को गिफ्ट में दे देना। तोहफे में लाकर दे देना। हर बार चुनाव आता है तो यही कहते हैं कि भैया पर जवानी कुर्बान करो। ‘शिया-सुन्नी में झगड़ा नहीं, मुमालिक का झगड़ा है’ ओवैसी ने शिया-सुन्नी विवाद को लेकर सीएम योगी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजकल बाबा कह रहे हैं कि शिया-सुन्नी में झगड़ा भी हो रहा है। बाबा, बहुत दूर तो नहीं चले जा रहे हैं? इतनी दूर नहीं जाना चाहिए। हम बाबा से कह रहे हैं कि शिया-सुन्नी में कोई झगड़ा नहीं है, मुमालिक का झगड़ा है। शिया-सुन्नी का नहीं है। लेकिन, हम बाबा से पूछना चाह रहे हैं कि आपके ताल्लुकात केशव प्रसाद मौर्य, संजीव बालियान और बृजेश पाठक से कैसे हैं। अच्छे हैं या बुरे हैं? ————————– यह खबर भी पढ़ेंः- कौशांबी में सोफे पर सो रही मासूम की जलकर मौत, बचाने में चाचा भी झुलसे, कमरे में लगी आग से जला सामान कौशांबी में सोफे पर सो रही तीन महीने की मासूम की आग में जलकर मौत हो गई। बच्ची को बचाने की कोशिश में उसके चाचा भी झुलस गए। परिजन बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला मुख्यालय से 28 किमी दूर चरवा थाना क्षेत्र के बेरुवा गांव का है। पूरी खबर पढ़ें…