तालाब में डूबी कार में मिले 3 कारोबारियों के शव:बेटे का एक्सीडेंट हुआ था, उसे देखकर बहराइच से लौट रहे थे; क्रेन से निकाली कार

सीतापुर में तीन दोस्तों के शव कार समेत एक तालाब में मिले। तीनों सोमवार से ही लापता थे। ग्रामीणों ने तालाब में कार देख पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। कार के अंदर ही तीनों के शव मिले। दो शव आगे की सीट पर और एक पीछे की सीट पर। पुलिस ने परिजनों को शव मिलने की सूचना दी। परिजन और पुलिस सोमवार से ही तीनों की तलाश कर रहे थे। मामला कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव का है। मृतकों की पहचान सिधौली निवासी राकेश चौरसिया (50), सतीश (40) और अटरिया निवासी रामेंद्र (62) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, रविवार को राकेश के बेटे मोहन का बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। जिसे देखने के लिए सोमवार सुबह करीब 4 बजे ही राकेश अपने साथियों रामेंद्र और सतीश के साथ कार से बहराइच गए थे। करीब 5 बजे राकेश की कार कंदुनी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दी थी। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। जब वह देर शाम तक नहीं लौटे। इसपर परिजनों ने उन्हें फोन मिलाया तो फोन लगे नहीं। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को लापता होने की शिकायत की। दिन भर परिजन-पुलिस के साथ मिलकर तलाश करते रहे लेकिन कहीं पता नहीं चला। रात करीब डेढ़ बजे पंचपीर गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के तालाब में एक कार गिरी है। पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने तालाब में कार देखी और क्रेन की मदद से उसे बाहर निकलवाया। पुलिस ने कार खोली तो उसमें तीन लोगों राकेश चौरसिया (50), सतीश (40) और रामेंद्र (62) के शव पड़े थे। आगे की सीट पर राकेश और रामेंद्र और पीछे की सीट पर सतीश का शव था। शुरुआती जांच में पुलिस ने डूबने से मौत की आशंका जताई है। प्रभारी निरीक्षक अतुल चौधरी ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। ——————————————- ये खभर भी पढ़ेंः- लखीमपुर में 8 साल के बच्चे को खा गया तेंदुआ: मां की आंखों के सामने दबोचा, दो घंटे बाद 1 किमी दूर आधी बॉडी मिली लखीमपुर में सोमवार शाम 8 साल के बच्चे को तेंदुआ खा गया। मां घर के अंदर खाना बना रही थी, बच्चा बाहर खेल रहा था। तभी तेंदुए ने झपट्‌टा मारकर बच्चे को दबोच लिया। बच्चे के चीखने-चिल्लाने पर मां बाहर की तरफ दौड़ी। शोर मचाया, लेकिन तेंदुआ उसकी आंखों के सामने से उठा ले गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। करीब 2 घंटे बाद बच्चे का शव घर से 1 किमी दूर गन्ने के खेत में मिला। तेंदुआ बच्चे का बायां पैर, प्राइवेट पार्ट और गर्दन और चेहरा खा गया था। लोग शव को चादर में लपेटकर घर लाए। हादसा शाम 8 बजे का है। पढ़ें पूरी खबर…