गोरखपुर में बुधवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली में सीएम योगी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- दोनों लड़कों की जोड़ी हारने के बाद बहाना ढूंढ़ती है। कभी EVM तो कभी SIR को दोषी ठहराते हैं, लेकिन कभी अपने नकारेपन को दोष नहीं देते। कांग्रेस राहुल गांधी को कितनी बार लॉन्च करेगी? राहुल का धुआं निकल चुका है। सीएम योगी ने कहा- हार गए तो कमल दोषी, EVM दोषी, लोकतंत्र पर खतरा नजर आने लगता है। अगर EVM इतनी ही गलत थी तो उसी EVM से जीतकर राहुल गांधी संसद में शपथ क्यों लेते हैं? उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने माइक संभालते ही भोजपुरी में लोगों का हालचाल पूछा। उन्होंने कहा- रउवा सब ठीक बानी ना? नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा- जिस लॉचिंग पैड की चर्चा मुख्यमंत्री जी आप कर रहे थे, उसका केवल रॉकेट ही नहीं खराब है। उसका लॉचिंग पैड भी खराब है, जो ऐसे-ऐसे नेता को पैदा करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हमारी भीड़ का 10 प्रतिशत भी विपक्ष रामलीला मैदान में नहीं जुटा पाया। विपक्ष देश को भरमाने का काम कर रहा है। रैली में 12 जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग ‘मोदी है-मोदी रहेगा’ लिखी तख्तियां हाथों में लेकर रैली में शामिल हुए।