देशभर में आज दिवाली मनाई जा रही है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में स्नान के बाद 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। देर रात यहां के रामघाट पर आसमान में रामायण जीवंत हो उठी। अंधेरे आसमान में 500 ड्रोन ने ऐसी रोशनी बिखेरी कि लोग मंत्रमुग्ध होकर देखते रह गए। 30 मिनट के शो में भगवान राम, सीता और लक्ष्मण समेत रामायण के विभिन्न पात्रों की आकृतियां आसमान में उभरीं। ड्रोन की रोशनी से रामायण के प्रमुख प्रसंग ऐसे साकार हुए, मानो त्रेतायुग की कहानी आंखों के सामने उतर आई हो। इस अद्भुत नजारे को देखकर लोग तालियां बजाते रहे और आसमान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। उधर, वृंदावन के प्रसिद्ध राधावल्लभ मंदिर में चौसर खेला गया। भगवान के प्रतिनिधि के रूप में पुजारियों ने पासे चलाए। मंदिर में शह और मात का यह खेल कई घंटे तक चलता है। बिजनौर में सपा जिलाध्यक्ष हनी फैसल ने 2,027 मिट्टी के दीयों से पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर बनाई। काशी में मुस्लिम महिलाओं ने भगवान राम और मां सीता की आरती उतारी। हनुमान चालीसा का पाठ किया। हाथ जोड़कर भगवान का आशीर्वाद लिया। मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी ने कहा- धर्म बदलने से हम अरबी, तुर्की या ईरानी नहीं हो जाएंगे। भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के पूर्वज श्रीराम ही हैं। धर्म तो बदल सकता है, लेकिन पूर्वज और परंपराएं नहीं बदलतीं।