युवक की हत्या करने वाले प्रधान का एनकाउंटर:गाजीपुर पुलिस ने दोनों पैर में गोली मारी; जुए में हारने पर 2 युवकों पर फायरिंग की थी

गाजीपुर में जुए के 25 हजार रुपए के लिए 2 युवकों को गोली मारने वाले प्रधान ने मंगलवार सुबह थाने में सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे फायरिंग में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए ले गई। इस दौरान प्रधान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल प्रधान को गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले, सोमवार देर रात ग्राम प्रधान 4-5 युवकों के साथ जुआ खेल रहा था। उसने 25 हजार रुपए का दांव लगाया था। हारने लगा तो साथ खेल रहे युवकों ने मजाक में कुछ कह दिया। इस पर प्रधान गुस्से में आ गया। उसने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। मृतक की पहचान अजय पासी (28) के रूप में हुई है। जबकि गोली मारनने वाला प्रधान संजय बिंद (35) है। अजय की पत्नी ने कहा, ‘जैसे मेरे पति को मारा गया, वैसे ही आरोपी को भी मारा जाए। उसका एनकाउंटर हो।’ मामला जिला मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर सदर कोतवाली क्षेत्र का है। 4 तस्वीरें देखिए… जुए में दांव हारने लगा तो चला दी गोली कोतवाली थाना क्षेत्र के महाराजगंज मोहांव गांव में दिवाली के अगले दिन काफी लोग जुआ खेलते हैं। सोमवार रात 10:30 बजे गांव के पास पासीपुरवा में तालाब किनारे 8-10 लोग जुआ खेल रहे थे। पड़ोसी गांव बकराबाद का प्रधान संजय बिंद अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और जुआ खेलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जुए में 25 हजार रुपए का दांव लगा था। प्रधान पैसे हारने की कगार पर था। इसी दौरान साथ खेल रहे लोगों ने उससे हंसी-मजाक किया। इस पर वह तैश में आ गया। मामूली कहासुनी के बाद उसने तमंचा निकाला और दो युवकों पर फायरिंग कर दी। एक के पेट और दूसरे के हाथ में लगी गोली सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि मोहांव के रहने वाले अजय पासी के पेट में, जबकि उनके साथी इस्लामाबाद निवासी सुरेंद्र राम (35) के दाहिने हाथ में गोली लगी। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान अजय पासी की मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र राम का इलाज चल रहा है। दफ्ती पर ‘आत्मसमर्पण कर रहा हूं’ लिखकर थाने पहुंचा प्रधान वारदात के बाद प्रधान फरार हो गया था। अजय के बड़े पिता श्रीराम की शिकायत पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। हालांकि, उसने मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सरेंडर कर दिया। वह हाथ में दफ्ती लेकर थाने पहुंचा था। उस पर लिखा था- मैं संजय बिंद आत्मसमर्पण कर रहा हूं। तीन बहनों में इकलौता भाई था अजय घायल सुरेंद्र राजमिस्त्री हैं। अजय उनके साथ मजदूरी करता था। दोनों का घर घटनास्थल से 800 मीटर दूर है, जबकि प्रधान का घर दो किलोमीटर दूर है। अजय तीन बहनों में इकलौता भाई था। परिवार में पत्नी अपर्णा पासवान (26) और तीन साल की बेटी लाडो है। अपर्णा ने बताया, ‘पति पांच मिनट में लौटने की बात कहकर घर से निकले थे। उनका किसी से कोई विवाद नहीं था।’ 2015 और 2021 में जीता था प्रधान का चुनाव संजय बिंद बकराबाद गांव से लगातार दो बार प्रधान चुना गया था। उसने 2015 और 2021 में हुए पंचायत चुनाव में जीत दर्ज की थी। गांव वालों का कहना है कि मोहांव गांव में उसकी कई लोगों से दोस्ती थी। वह अक्सर यहां आया करता था। एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया- जुआ खेलने के दौरान फायरिंग के मामले में आरोपी प्रधान ने मंगलवार को आत्मसमर्पण किया। पुलिस उसे फायरिंग में इस्तेमाल असलहे की बरामदगी कराने ले गई। इस दौरान संजय बिंद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल हालत में उसे गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रधान के खिलाफ पहले से 2 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। ————————— यह खबर भी पढ़ें शाहजहांपुर में कारोबारी ने पत्नी की हत्या की, एक बच्ची का गला दबाया, दूसरी बेटी ने कमरे में बंद कर जान बचाई शाहजहांपुर में कारोबारी पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। उसने 11 साल की बेटी को भी गला दबाकर मारने की कोशिश की। बाप की हैवानियत देखकर 16 साल की बेटी डर गई। उसने खुद को कमरे में बंद करके जान बचाई। वारदात सोमवार रात 1 बजे की है। पूरी खबर पढ़िए