यूपी के प्रतापगढ़ में धीरेंद्र शास्त्री की कथा कराने को लेकर कुंडा विधायक राजा भैया को खुली चुनौती मिली है। मध्यप्रदेश के आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने कहा- अगर भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करने वाले कथावाचक को बुलाकर कथा कराई, तो खुद कुंडा आकर बहुजन समाज को एकजुट करूंगा और चुनाव में विरोध करूंगा। बहन मायावती के शासनकाल में जो लोग डरकर, छिपकर और भागकर घूमते थे या जेल की सलाखों के पीछे थे, वे आज खुद को बड़ा राजा कहलवा रहे हैं। मुलायम सिंह यादव के आशीर्वाद से जिनकी जान-माल बची, वे आज कृष्ण वंशजों और संविधानवादियों को आंखें दिखा रहे हैं। OBC, SC-ST और अल्पसंख्यक समाज से अपील दामोदर यादव ने प्रतापगढ़ के ओबीसी, एससी, एसटी और अल्पसंख्यक समाज के लोगों के साथ कृष्ण भक्तों से भी अपील की। उन्होंने कहा- भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करने वाले कथावाचक को बुलाकर अगर नकली राजा कथा कराते हैं, तो आने वाले चुनाव में उनकी कथा पूरी कर देना। मैं भी आऊंगा। चार-पांच दिन, दस दिन या पंद्रह दिन रहूंगा। पूरे बहुजन समाज को इकट्ठा करके इन्हें एहसास कराएंगे। झांसी के विधायक को चेतावनी दी दामोदर यादव ने झांसी के एक विधायक को भी चेतावनी दी। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि झांसी वाले विधायक सुधर जाओ, नहीं तो हम 25 किलोमीटर से 25 गाड़ियां लेकर झांसी आएंगे और तुम्हें 25 हजार वोट से हराने का काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि जहां-जहां धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथाएं हुई हैं, वहां के नेता चुनाव हारे हैं। ऐसे 25 उदाहरण होने की बात भी कही। राजा भैया के राजभवन में 17-19 नवंबर तक श्रीराम कथा बता दें कि प्रतापगढ़ के कुंडा के बेंती स्थित राजा भैया के राजभवन में 17-19 नवंबर तक श्रीराम कथा होगी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो संदेश जारी कर उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया- 17, 18 और 19 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कथा होगी। 20 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दिव्य दरबार लगेगा। इसी तरह झांसी में भाजपा सदर विधायक रवि शर्मा की ओर से 11 से 13 दिसंबर तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा का आयोजन कराया जाएगा। दिव्य दरबार भी लगेगा। धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर शुरू हुआ विवाद दरअसल, हाल ही में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मंच से भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। इसके बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं और विभिन्न संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। सपा नेताओं ने यहां तक कह दिया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को यूपी में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। कुछ नेताओं की ओर से उन्हें और कथा के आयोजक को जूते की माला पहनाने जैसी चेतावनी भी दी गई। विरोध के बीच सोशल मीडिया भी दो खेमों में बंटा नजर आया। एक तरफ कथा के आयोजन का विरोध किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ समर्थक भी इसके पक्ष में सामने आ रहे हैं। अब इस विवाद में दतिया जिले के सेवढ़ा निवासी आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव भी कूद पड़े हैं। उन्होंने साफ कहा है कि वह झांसी में होने वाली कथा का विरोध करेंगे। अखिलेश यादव ने भी किया था विरोध सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था- सनातनी चुप क्यों हैं? एक बाबा उनका अपमान कर रहे हैं। पहले भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किया और अब सुनने में आ रहा है कि प्रभु श्रीराम के पिता के बारे में भी कुछ कह रहे हैं। आखिर सनातनी लोगों के बुलडोजर कहां चले गए? अगर उनके पास बुलडोजर हैं, तो बगल के प्रदेश के मुख्यमंत्री के पास बुलडोजर भिजवा देना चाहिए। आखिरकार सरकार क्या कर रही है?” ……………………………………….. यह खबर भी पढ़ें युवक की हत्या करने वाले प्रधान का एनकाउंटर:गाजीपुर पुलिस ने दोनों पैर में गोली मारी; जुए में हारने पर 2 युवकों पर फायरिंग की थी गाजीपुर में जुए के 25 हजार रुपए के लिए 2 युवकों को गोली मारने वाले प्रधान ने मंगलवार सुबह थाने में सरेंडर कर दिया। पूरी खबर पढ़ें