80 साल के बुजुर्ग ने जीते-जी रखी अपनी तेरहवीं, बोले- बेटी को मेरे जाने के बाद कोई ताना न दे; 900 लोगों को कराएंगे भोज बागपत में एक 80 साल के बुजुर्ग ने जीते-जी तेरहवीं करने का फैसला लिया है। जौहड़ी गांव के बलजोर सिंह ने रविवार को अपनी तेरहवीं का भोज रखा है। इसकी वजह भी खास है। उनकी इकलौती बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। बलजोर नहीं चाहते कि उनके निधन के बाद कोई उनकी बेटी को लेकर सवाल उठाए या उसे ताना दे कि वह पिता की तेरहवीं नहीं कर पाई। इसके साथ ही वह जीवनभर जिन लोगों के सुख-दुख में शामिल हुए, उन्हें अपने घर बुलाकर भोजन कराना चाहते हैं। रविवार को हवन के बाद करीब 900 लोगों के लिए भोज रखा गया है। भोज के बाद वह अपनी पगड़ी अपने नाती को सौंपेंगे। पत्नी का 20 साल पहले निधन, परिवार में इकलौती बेटी बलजोर सिंह जौहड़ी गांव के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी का करीब 20 साल पहले निधन हो चुका है। परिवार में उनकी इकलौती बेटी पिंकी है, जिसकी शादी सरूपरकलां गांव निवासी सुखपाल से हुई है। बेटी के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो नातिन और एक नाती मुकुल है। बलजोर के पास दो बीघा कृषि भूमि और अपना मकान है। बलजोर सिंह का कहना है कि वह नहीं चाहते कि उनके निधन के बाद समाज का कोई व्यक्ति उनकी बेटी को ताना दे। लोग यह न कहें कि वह अपने पिता की तेरहवीं तक नहीं कर पाई। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी मौजूदगी में ही तेरहवीं की रस्म पूरी करने का फैसला किया। वह चाहते हैं कि उनके सामने ही समाज के लोग एक साथ बैठकर भोजन करें। देखिए 2 तस्वीरें… जिनके घर तेरहवीं में खाया, अब उन्हें अपने घर बुलाया बलजोर सिंह बताते हैं कि वह जीवनभर गांव और आसपास के लोगों के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं। कई लोगों के घर तेरहवीं और दूसरे सामाजिक आयोजनों में जाकर भोजन किया है। अब उनकी इच्छा है कि जिन लोगों के यहां उन्होंने खाना खाया, उन्हें भी अपने घर बुलाकर भोजन कराएं। उनका कहना है कि वह नहीं चाहते कि उनके जाने के बाद कोई यह कहे कि बलजोर जीवनभर दूसरों के यहां खाते रहे, लेकिन उन्होंने कभी समाज को नहीं खिलाया। इसलिए वह इस आयोजन को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं। उनके लिए यह सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने रिश्तों और जिम्मेदारी को निभाने का तरीका है। आठ हलवाई बना रहे पकवान, 900 लोगों के लिए भोज बलजोर सिंह के घर शनिवार से ही आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। भोज के लिए आठ हलवाइयों की टीम लगाई गई है। बड़े-बड़े कड़ाहों में सब्जियां तैयार की जा रही हैं। मेहमानों के लिए पूड़ी, रायता और लड्डू समेत कई तरह के पकवान बनाए जा रहे हैं। रविवार सुबह हवन-पूजन होगा। इसके बाद दोपहर में करीब 900 लोगों के लिए भोज रखा गया है। परिवार के सदस्य भी तैयारियों में जुटे हैं। बलजोर के दामाद सुखपाल का कहना है कि परिवार उनके इस फैसले के साथ है। सभी लोग आयोजन को सफल बनाने में लगे हैं। भोज के बाद नाती मुकुल को सौंपेंगे पगड़ी आयोजन में तेरहवीं के साथ पगड़ी की रस्म भी निभाई जाएगी। भोज के बाद बलजोर सिंह अपनी पगड़ी नाती मुकुल को सौंपेंगे। आमतौर पर किसी व्यक्ति के निधन के बाद होने वाली इन रस्मों को बलजोर अपनी मौजूदगी में पूरा कर रहे हैं। उनके 70 वर्षीय पड़ोसी महावीर ने बताया कि बलजोर का गांव और समाज के लोगों के साथ अच्छा मेलजोल रहा है। वह सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। अब उन्होंने अपनी इच्छा से यह आयोजन रखा है, जिसमें क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया गया है। —————— ये खबर भी पढ़ेंः- बेकाबू कार 5 बार पलटी, 4 दोस्तों की मौत:एक IIM में मैनेजर, बाकी सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे; दिवाली पर बलिया आए थे बलिया में कार सवार 4 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार रात कार 100 की रफ्तार में पेड़ से टकरा गई, फिर 5 बार पलटते हुए 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। सभी कार में ही फंस गए। पुलिस और आसपास के लोगों ने कार का दरवाजा तोड़कर सभी को निकाला। हादसा इतना भीषण था कि एयरबैग खुलने के बाद भी चारों की जान नहीं बच सकी। हादसा जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर नगरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात साढ़े 9 बजे हुआ। पूरी खबर पढ़ें…