यूपी की बड़ी खबरें:वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए 21-22 नवंबर को विशेष अभियान

यूपी में वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण (SIR-2027) के तहत 21 और 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। नागरिक वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकेंगे और नाम जुड़वाने या संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इसके बाद 28 और 29 नवंबर को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को अभियान की व्यवस्था ठीक रखने और चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। बूथ पर मिलेंगे फॉर्म-6, 7 और 8: बीएलओ के पास 17 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट वोटर लिस्ट उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भी पर्याप्त संख्या में रखे जाएंगे। हर मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी, जहां मतदाता अपनी समस्याओं और सवालों का समाधान करा सकेंगे। जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय रहेगा। युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने पर जोर: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, खासकर युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के लिए प्रचार किया जाए। इसमें राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट, ग्राम प्रधान, पार्षद और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी। अधिकारी बूथों का करेंगे निरीक्षण: विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मतदान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी अलग-अलग जिलों में जाकर बीएलओ के काम और अभियान की गुणवत्ता जांचेंगे। नाम नहीं है तो फॉर्म-6 भरें: नवदीप रिणवा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बूथ पर जाकर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम जरूर जांचें। सूची में नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं। नाम या अन्य जानकारी में सुधार के लिए फॉर्म-8 के जरिए आवेदन करें। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में 81.04% अभ्यर्थी शामिल हुए: दो दिन में 1.03 लाख ने दी परीक्षा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा शुक्रवार को दूसरे दिन भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दो दिनों में कुल 1,27,571 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,03,393 ने परीक्षा दी। इस तरह कुल उपस्थिति 81.04% रही। दूसरे दिन दोनों पालियों में 63,505 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इनमें से 52,399 शामिल हुए। दूसरे दिन उपस्थिति 82.51% दर्ज की गई। परीक्षा 19 और 20 नवंबर को प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा के केंद्रों पर हुई। दोनों दिन दो पालियों में 18 विषयों के पेपर कराए गए। पढ़ें पूरी खबर… फतेहपुर में युवक का चेहरा कूचा, प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान; घर के बाहर शव मिला फतेहपुर में युवक का चेहरा कूचकर हत्या कर दी गई। प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान मिले है। गुरुवार रात घर के बाहर टीनशेड के नीचे सोने गया था। शुक्रवार सुबह शव चारपाई पर रजाई पर पड़ा था। जिसके मुंह से खून निकल रहा था। युवक बचपन से ही अपने ननिहाल में रहता था। गुरुवार को लड़की के अपहरण मामले में कोर्ट में सुनवाई के बाद घर लौटा था। जिसके खिलाफ 4 साल पहले केस दर्ज हुआ था। प्रदीप (24) रात में खाना खाने के बाद सोने चला गया था। घटना जिला मुख्यालय से करीब 37 किमी दूर खागा कोतवाली क्षेत्र की है। पढ़ें पूरी खबर… एसटीएफ ने वाराणसी से 650 तोते बरामद किए: 3 तस्कर गिरफ्तार, बंगाल ले जाकर बेचते थे यूपी एसटीएफ ने गुरुवार को वाराणसी से 650 प्रतिबंधित तोतों को बरामद किया है। इनकी तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह यूपी के अलग-अलग जिलों से तोते, मोर और अन्य संरक्षित पक्षियों को पकड़ता है। साथ ही बाजारों से इन पक्षियों को खरीदता भी हैं। पढ़िए पूरी खबर ट्रक ने एथेनॉल टैंकर में मारी टक्कर, हेल्पर जिंदा जला; सीट से चिपका मिला शव का कंकाल बरेली में खड़े टैंकर में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों में आग लग गई। आग की चपेट में आकर 22 साल के ट्रक हेल्पर जिंदा जल गया। उसका कंकाल सीट से चिपका मिला। वहीं, चालक ने कूदकर जान बचा ली। करीब 2 घंटे तक लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर आग की लपटें उठती रहीं। इस दौरान लंबा जाम लग गया। पुलिस के मुताबिक, देर रात टैंकर का चालक और हेल्पर पास के ढाबे पर खाना खाने गए थे। इसी दौरान ट्रक ने उसमें पीछे से टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने आग बुझाई, लेकिन तब तक ट्रक जलकर राख हो चुका था। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। हादसा फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक ट्रक हेल्पर जमाल मुरादाबाद का रहने वाला था। पढ़िए पूरी खबर… ‘जल जीवन मिशन में 15 हजार करोड़ का घोटाला’:संजय सिंह बोले- टंकियां गिर रहीं हैं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने यूपी में जल जीवन मिशन के तहत हुए कामों में 15 हजार करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गांवों तक पानी पहुंचाने की योजना के नाम पर सरकारी धन की लूट हुई। बिना काम किए करीब 15 हजार करोड़ रुपए निकाल लिए गए। संजय सिंह ने विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सवाल उठाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है। केंद्र की जांच एजेंसियां भी मामले में चुप हैं। पढ़िए पूरी खबर आजमगढ़ में मुठभेड़ में 4 गो तस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, तमंचा, कार बरामद आजमगढ़ में शुक्रवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में गो तस्करी के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे घायल हालत में पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, जोलहापुर गांव के पास प्रतिबंधित पशुओं को चोरी से पकड़कर ले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सालिम (24) के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, अर्टिगा कार और बाइक बरामद की है। मौके से दो गाय और एक बछड़ा भी जिंदा मिला है। पढ़िए पूरी खबर…. ताजमहल में भाजपा नेता बोले- राधे-राधे कमल खिला दे: ASI ने FIR कराई तो बोला गलती हो गई आगरा में गुरुवार को भाजपा नेता ने ताजमहल को तेजोमहल बताया। उन्होंने कहा, “राधे-राधे, कमल खिला दे।” इसके बाद जय श्रीराम का नारा भी लगाया। उनका 34 सेकेंड का वीडियो सामने आने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने ताजगंज थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई है। मामला विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन का है। भाजपा ब्रज क्षेत्र पिछड़ा मोर्चा के सोशल मीडिया प्रभारी राजेश राठौर ने ताजमहल परिसर में यह वीडियो बनाया और अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद राजेश राठौर ने कहा कि उनसे गलती हो गई। उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। पढ़िए पूरी खबर… सहारनपुर में होमगॉर्ड से मारपीट के मामले में 7 गिरफ्तार: तीन महिलाएं भी शामिल, जाम खुलवाने के दौरान की थी धक्का-मुक्की सहारनपुर में होमगार्ड से मारपीट के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों ने पुल पर मारपीट और पत्थरबाजी के बाद जाम खुलवाने पहुंचे होमगार्ड के साथ धक्का-मुक्की की थी। इस दौरान एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था, जबकि महिलाओं ने दौड़ाकर पीटा था। मौके पर मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव कर होमगार्ड को बचाया। घटना पोस्ट ऑफिस तिराहे की है। पढ़िए पूरी खबर…