लखनऊ में वकील की 20 साल की बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी मां और 3 पड़ोसियों के साथ एक रिसॉर्ट में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। गुरुवार देर रात लौटते समय उनकी कार आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने भी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह पिचक गई। उसमें सवार सभी 5 लोग अंदर फंस गए। राहगीरों ने कार का दरवाजा तोड़कर समीक्षा की मां गीता, पड़ोसी शिखर, उनकी पत्नी सुकृति और शिखर की मां को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। हालांकि, कार के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंसी समीक्षा को लोग नहीं निकाल सके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समीक्षा मुंबई में जियो कंपनी में काम करती थी। उसने हैदराबाद से एमबीए किया था और दिवाली की छुट्टियों में घर आई थी। उसके पिता राजेश सिंह लखनऊ में वकालत करते हैं। हादसे की तस्वीरें देखिए… सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला वकील राजेश सिंह पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन में रहते हैं। परिवार में पत्नी गीता और बेटी समीक्षा हैं। गुरुवार रात गीता और समीक्षा पड़ोसी शिखर, उनकी पत्नी सुकृति और मां आशा के साथ मोहनलालगंज के शिवगढ़ रिसॉर्ट में शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। रात करीब पौने 12 बजे सभी कार से घर लौट रहे थे। हरिकंशगढ़ी के पास पहुंचते ही अचानक सामने आए डंपर को देखकर कार चला रहे शिखर नियंत्रण खो बैठे और दोनों भारी वाहनों के बीच फंसकर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना पर हरिकंशगढ़ी चौकी प्रभारी शिव कुमार और कॉन्स्टेबल राहुल कुमार राणा पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू कर शिखर, सुकृति, आशा और गीता को बाहर निकाला गया और ट्रॉमा सेंटर-2 भेजा गया। वहीं, कार के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंसी समीक्षा को निकालने में करीब डेढ़ घंटे लग गए। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर-2 पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चारों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सीएनजी सिलेंडर में ब्लास्ट का भी था खतरा कार सीएनजी से चलती थी, इसलिए रेस्क्यू के दौरान सिलेंडर में ब्लास्ट की आशंका बनी रही। समीक्षा को बाहर निकालने के बाद एहतियातन कार से सिलेंडर अलग कर दिया गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। समीक्षा का शव ट्रॉमा सेंटर की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लोग बोले- प्लांट से उल्टी दिशा में निकलते हैं वाहन हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अल्ट्राटेक गिट्टी प्लांट की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि प्लांट से ट्रक और डंपर अक्सर उल्टी दिशा में तेज रफ्तार से हाईवे पर निकलते हैं और लोडेड वाहन गलत दिशा में चलते हैं। लोगों के मुताबिक, प्लांट के बाहर भारी वाहनों की आवाजाही से धूल का गुबार उठता है, जिससे हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता। इसी वजह से हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। ……….. ये खबर भी पढ़ें… होटल से कूदने वाली लड़की के हिंदू बॉयफ्रेंड का सुसाइड:लखनऊ जेल में तौलिये से फंदा बनाया; सुसाइड के लिए उकसाने में गिरफ्तार हुआ था लखनऊ में होटल से गिरकर गर्लफ्रेंड की मौत मामले में जेल में बंद कारोबारी बॉयफ्रेंड ने सुसाइड कर लिया। शव गुरुवार सुबह लखनऊ जेल के बाथरूम में तौलिए के फंदे से लटकता मिला। गर्लफ्रेंड मुस्लिम थी और बॉयफ्रेंड हिंदू। 12 अक्टूबर को होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 साल की समरीन की मौत हो गई थी। वह अवनीश जायसवाल उर्फ देव (28) के साथ होटल में रुकी थी। समरीन के गिरने के बाद अवनीश भाग गया था। पढ़िए पूरी खबर…