पीएम मोदी आज लखनऊ में 52 टॉपर्स को सम्मानित करेंगे:सपा सांसद का तंज- पेपरलीक कराने वालों को छात्रों के भविष्य की चिंता हो रही

पीएम मोदी लखनऊ के दौरे पर हैं। वे शाम करीब 5 बजे लखनऊ में गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे। यहां वे 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसमें यूपी के 6 और देशभर के 52 नेशनल टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहेंगे। राजनाथ और जयंत दिल्ली से लखनऊ आ चुके हैं। योगी हरिद्वार में अपनी मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार कर लखनऊ पहुंचे। शाम को वे एयरपोर्ट पर पीएम की अगुआनी करेंगे। समारोह में प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों के करीब 4,200 प्रशिक्षार्थी शामिल होंगे। यह पहली बार है, जब राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। सुरक्षा में 4,400 पुलिसकर्मियों की तैनाती है। इनमें 8 DCP, 10 ADCP और 34 ACP शामिल हैं। इसके अलावा 114 इंस्पेक्टर, 946 SI और 1,967 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तैनात रहेंगे। पीएम मोदी के कार्यक्रम पर सपा सांसद राजीव राय ने तंज कसा। उन्होंने कहा- पेपर लीक करके छात्रों का भविष्य खराब करने वाले, आरक्षण लूटने वाले और नौकरियां बाहरी कंपनियों के हवाले करने वाले अब छात्रों के भविष्य की बात कर रहे हैं।