प्रतापगढ़ के कुंडा में विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने रामकथा करवाई। पूर्वांचल के ठाकुर बिरादरी के नेता और बाहुबली एक मंच पर दिखे। राजा भैया को हिंदुत्व का चेहरा बताया गया। संदेश गया- यूपी में राजा भैया के नेतृत्व में ठाकुर एकजुट हो गए हैं। 3 दिन की कथा में 5 लाख लोगों के हुजूम ने सबको चौंकाया। यूपी चुनाव की घोषणा 2 महीने बाद होनी है, इससे पहले ऐसी 12 कथाएं होनी हैं। इनमें 5 कथाएं सिर्फ बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की हैं। मतलब, अगले 40 दिन में से 20 दिन वह यूपी के अलग-अलग जिलों में दिखेंगे। ये जगजाहिर है कि उनकी कथाओं में सनातन और हिंदुत्व की बातें आक्रामकता के साथ होती हैं। अब 2 तरह की चर्चाएं हैं। ये चुनाव के मुद्दों को हिंदुत्व और सनातन की तरफ डायवर्ट करने की कोशिश है। एक तबका यह भी कह रहा है कि कथाओं में एक बिरादरी के ज्यादा दिखने से दांव उल्टा भी पड़ सकता है। सच्चाई क्या है? ये आज की संडे बिग स्टोरी में समझते हैं… यूपी में कुंडा की पहचान रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से है। लेकिन, देशभर में अचानक कुंडा की रामकथा जितनी तेजी से सुर्खियों में आई, उससे ज्यादा जल्दी इस कथा को करवाने में राजा भैया ने जो शक्ति दिखाई, वो लोगों की जुबान पर चढ़ा। कारण यह है कि धीरेंद्र शास्त्री ने पिछले महीने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना की। फिर उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यहां तक कहा- इन्होंने यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाएं आहत कीं। इन्हें न तो ब्रज में प्रवेश मिलेगा, न अवध में…। उनके कार्यक्रम भी रद्द किए जाएं। धीरेंद्र शास्त्री के इस विरोध को सनातन के विरोध की तरह देखा गया। असर यह हुआ कि जब 17 से 19 नवंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने कथा सुनाई, तब हर दिन लाखों लोग पहुंचे। 56 हजार वर्ग फीट में बने टेंट के अंदर जितने लोग मौजूद थे, उससे दोगुने लोग टेंट के बाहर बैठे थे। वैसे तो हर दिन 2 से 6 बजे तक कथा होनी थी, लेकिन एक भी दिन 4 घंटे कथा नहीं हो सकी। वजह यह थी कि तीन दिनों में यूपी और दूसरे राज्यों से तमाम बड़े नेता अतिथि के रूप में पहुंचते रहे। मंच पर उन्हें अपनी बात करने का मौका मिलता रहा। खास यह कि कथा में शामिल होने आए आधे से ज्यादा ठाकुर वर्ग के नेता थे। मंच से राजा भैया को सनातन और हिंदुत्व का प्रखर चेहरा बताया गया। समर्थकों ने उन्हें यूपी के मुख्यमंत्री और योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट किया, बैनर भी लगा दिए। अगले महीने 20 दिन धीरेंद्र शास्त्री यूपी में कथा करेंगे बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री ने कुंडा रामकथा सुनाने से पहले यूपी में सिर्फ दो कथाएं कही हैं। पहली गोरखपुर में 2024 में, दूसरी मेरठ में मार्च 2025 में। मतलब पिछले डेढ़ सालों में उन्होंने यूपी में कोई कथा नहीं कही। अब अचानक से उनकी 5 कथाएं होने जा रही हैं। ये करीब 20 दिन में पूरी हो सकेंगी। पहली कथा 3-6 दिसंबर के बीच गोंडा में भाजपा विधायक बावन सिंह करवा रहे। झांसी में भाजपा विधायक रवि शर्मा 11 से 13 दिसंबर तक कथा करवाएंगे। मथुरा में 15 से 19 दिसंबर के बीच कथा प्रस्तावित है, आयोजक यहीं के स्थानीय संत हैं। 21 से 25 दिसंबर तक लखनऊ में भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह कथा करवा रहे। 27-29 दिसंबर को आगरा में कथा होनी है। ये शेड्यूल बागेश्वर धाम सरकार की वेबसाइट पर अपलोड हो चुके हैं। मतलब धीरेंद्र शास्त्री की कथाएं पश्चिम, अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल में होनी हैं। कथाओं के जरिए चुनाव को हिंदुत्व पर लाने की कोशिश लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह कहते हैं- भाजपा हमेशा से चुनाव से ठीक पहले धार्मिक माहौल बनाती रही है। इसका उन्हें फायदा भी मिलता है। पहले राम मंदिर की बात करते थे। अब उसका निर्माण पूरा हो गया, तो कृष्ण मंदिर बनाने की बातें करते हैं। गांव-गांव ये मुद्दा लोगों के बीच पहुंचाने के लिए कथाएं सबसे अच्छा माध्यम है। जिस तरह से कथा के मंच से हिंदुत्व, सनातन और पार्टी की विचारधारा की बातें हो रहीं, उससे तो साफ नजर आ रहा कि कथा का उद्देश्य चुनावी फायदा लेने का है। हालांकि जो भीड़ आ रही, वह वोट दे…यह अभी कहना मुश्किल है। अब मतदाता भी जागरूक हो गए हैं, हर घटनाक्रम पर अपनी राय रखते हैं। राजकुमार सिंह आगे कहते हैं- इस कथा से नुकसान की भी आशंका है। कुंडा की राम कथा में मंच से हाथ उठाकर दबदबा है…दबदबा रहेगा जैसी बातें कही गईं। एक ही जाति के लोग मंचों पर ज्यादा नजर आए। इसका असर यह होता है कि सामने दूसरी जाति का जो व्यक्ति बैठा है, उसके मन में नकारात्मक विचार आ जाते हैं। राम मंदिर चढ़ावा चोरी से बैकफुट पर, इसलिए कृष्ण मुद्दा लखनऊ के ही वरिष्ठ पत्रकार आलोक पाठक कहते हैं- भाजपा चुनाव में धर्म के मुद्दे को प्रमुखता से उठाती है। राम मंदिर में दान चोरी का मामला आने की वजह से अब वह मुद्दा नहीं बन सकता, इसलिए कृष्ण मंदिर को मुद्दा बनाया जा रहा। कथाओं में कृष्ण मंदिर निर्माण की खूब बात हो रही है। हालांकि कृष्ण मंदिर मुद्दा बन नहीं पाएगा, क्योंकि यह जनता से राम मंदिर जैसा नहीं जुड़ता। इन कथाओं से हिंदुत्व का फायदा तो होगा, लेकिन किसी पार्टी को भी फायदा हो, ये कम नजर आता है। आलोक पाठक कहते हैं- एक चीज यह भी नजर आ रही कि यह योगी की टीम है और कथाओं के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर रही है। खुद भाजपा में जो योगी को हटाने की सोच रखते हैं, उन्हें भी इन कथाओं के जरिए संदेश दिए जा रहे हैं।
—————————— ये संडे बिग स्टोरी पढ़ें – रथयात्रा से शपथ तक अखिलेश ने पहले भी देखे मुहूर्त, रामलला दर्शन से पहले ‘पंडितजी’ से पूछा सपा की राजनीति पर इन दिनों ग्रह-नक्षत्रों का गणित हावी नजर आ रहा है। अखिलेश यादव बिना शुभ मुहूर्त देखे कोई काम नहीं कर रहे। फिर चाहे बड़े सियासी फैसले लागू करने हों या फिर उम्मीदवारों के नामांकन कराने हों। अखिलेश ग्रह-नक्षत्र की चाल देखकर ही फैसले कर रहे हैं। इसकी पुष्टि करते हुए अखिलेश ने लखनऊ में 13 नवंबर को कहा था- मैं अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन तब ही करूंगा, जब ज्योतिषी शुभ मुहूर्त तय करेंगे। तारीख तय करने से पहले सूर्य-चंद्रमा समेत नक्षत्रों की स्थिति देखी जाएगी। तब कदम बढ़ाया जाएगा। सियासी जानकार कहते हैं- अखिलेश यूपी के मुख्यमंत्री रहते हुए भी ज्योतिष को मानते आए हैं। पढ़िए पूरी खबर…
—————————— ये संडे बिग स्टोरी पढ़ें – रथयात्रा से शपथ तक अखिलेश ने पहले भी देखे मुहूर्त, रामलला दर्शन से पहले ‘पंडितजी’ से पूछा सपा की राजनीति पर इन दिनों ग्रह-नक्षत्रों का गणित हावी नजर आ रहा है। अखिलेश यादव बिना शुभ मुहूर्त देखे कोई काम नहीं कर रहे। फिर चाहे बड़े सियासी फैसले लागू करने हों या फिर उम्मीदवारों के नामांकन कराने हों। अखिलेश ग्रह-नक्षत्र की चाल देखकर ही फैसले कर रहे हैं। इसकी पुष्टि करते हुए अखिलेश ने लखनऊ में 13 नवंबर को कहा था- मैं अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन तब ही करूंगा, जब ज्योतिषी शुभ मुहूर्त तय करेंगे। तारीख तय करने से पहले सूर्य-चंद्रमा समेत नक्षत्रों की स्थिति देखी जाएगी। तब कदम बढ़ाया जाएगा। सियासी जानकार कहते हैं- अखिलेश यूपी के मुख्यमंत्री रहते हुए भी ज्योतिष को मानते आए हैं। पढ़िए पूरी खबर…