यूपी विधानसभा चुनाव के लिए सपा के उम्मीदवारों की पहली सूची पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद भड़क गए हैं। उन्होंने कहा, “हम कोई भिखारी नहीं हैं, जो अखिलेश से कुछ मिलने का इंतजार करें। बिना चर्चा के आपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया, फिर हम बात ही क्यों कर रहे हैं?” सहारनपुर से सांसद मसूद ने लखनऊ के VVIP गेस्ट हाउस में कहा- गंभीरता की कमी है। एक तरफ सपा बातचीत कर रही है, दूसरी तरफ उम्मीदवार उतार रही है। हम अपनी पार्टी के अंदर चर्चा करेंगे कि हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं। आप कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या बीजेपी से? उधर, कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा- कांग्रेस को 100 से कम सीटें मंजूर नहीं हैं। सपा की सरकार बने और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनें, इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन कांग्रेस को भी अपनी पार्टी मजबूत करनी है। दरअसल, दोनों पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर फंसा पेंच उलझता जा रहा। कांग्रेस की 125 सीटों की डिमांड पर सपा ने सिर्फ 26 सीटों की लिस्ट सौंपी। यही नहीं, बातचीत आगे बढ़ती इससे पहले मंगलवार रात 10 बजे सपा ने 5 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें सहारनपुर की वे 2 सीटें भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस ने दावा किया था। इसके पहले अखिलेश ने ‘X’ पर लिखा, “जीतने वाली पहली 26 सीटों से हुई है शुरुआत। मिलजुल कर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।” हालांकि, कांग्रेस पार्टी के शीर्ष सूत्रों की मानें तो पार्टी 120 से कम सीटों पर समझौता करने को तैयार नहीं है। दोनों दलों के बीच सोमवार और मंगलवार को लगातार 2 दिन बैठक हुई थी, लेकिन सीटों का बंटवारा फाइनल नहीं हो पाया। अब 26-27 नंवबर को दोनों दलों के बीच बातचीत होगी।