बदायूं में गर्मी ने पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है। पारा भी पिछले तीन दिन से 41 डिग्री के पार जा रहा है। जबकि आने वाले दिनों में पारा चढ़ने की अटकलें हैं। इस बीच इंसान तो किसी तरह खुद को धूप-हीटबेव से बचाकर सुरक्षित रखे हैं, जबकि पशु-पक्षी बेहाल होने लगे हैं। इन पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए मदद एक कारवां संस्था की ओर से शहर में 50 स्थानों पर सीमेंटेड कंटेनर रखवाए गए हैं। इनमें रोजाना सुबह-शाम पानी भरा जाएगा। ताकि पशु-पक्षियों को राहत मिल सके। दरअसल, गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही जनमानस व्याकुल होने लगा है। प्रशासन ने भी एडवाइजरी जारी करते हुए दोपहर 12 से तीन बजे तक लोगों को घरों से न निकलने का सुझाव दिया है। इसी बीच पशु प्रेमी भी पशु-पक्षियों को लेकर सजग हो गए हैं। मदद एक कारवां संस्था की ओर से शहर में 50 कंटेनर रखवाए गए हैं। इसमें कुछ व्यापारियों ने भी सहयोग किया है। जबकि आने वाले दिनों में सौ से अधिक कंटेनर रखवाने का टारगेट लेकर संस्था के पदाधिकारी चल रहे हैं। संस्था के संस्थापक/अध्यक्ष विकेंद्र शर्मा ने बताया कि डेढ़ सौ से अधिक कंटेनर शहर में लगवाने का लक्ष्य है। व्यापारियों समेत अन्य लोगों का सहयोग भी मिल रहा है। फिलहाल 50 कंटेनर लगवा दिए गए हैं। आने वाले 10 दिन में टारगेट पूरा कर लेंगे। एसएसपी बोलेः चौकियों पर होगी व्यवस्था इधर, एसएसपी डा. ब्रजेश सिंह ने बताया कि बेजुबानों के साथ पशु प्रेमियों के अलावा पुलिस भी है। जिलेभर की पुलिस चौकियों पर यह व्यवस्था कराई जाएगी। ताकि कोई भी पशु-पक्षी प्यासा होकर आक्रमक न हो। वहीं उन्हें राहत भी मिलती रहे।