मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों समेत 4 की मौत:आगरा में डिवाइडर पर बैठे लोगों पर पलटा मैक्स, अंदर फंसे ड्राइवर ने तड़पकर दम तोड़ा

आगरा में मैक्स गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोग डिवाइडर पर बैठे थे। तीनों की मैक्स के नीचे दबने से मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से तीनों को बाहर निकाला। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी में ही फंस गया था। वह एक घंटे तक तड़पता रहा। किसी तरह पुलिस ने मैक्स को काटकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मैक्स में चालक के अलावा एक और व्यक्ति सवार था। उसे पुलिस ने बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के शाहदरा में बुधवार सुबह हुआ। 3 तस्वीरें देखिए- डिवाइडर पर बैठे थे मॉर्निंग वॉकर्स, भाग नहीं पाए
आगरा निवासी राजेश (55), हरीबाबू (65) और रामेश्वर बुधवार सुबह 4 बजे घर से टहलने निकले थे। टहलने के बाद तीनों सड़क के डिवाइडर पर बैठ गए। इसी बीच, लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही आम से भरी मैक्स डिवाइडर से टकराकर तीनों पर पलट गई। हादसे में तीनों गाड़ी के नीचे दब गए। वहां टहल रहे लोग मौके पर पहुंचे और बचाने के प्रयास में जुट गए। पुलिस को फोन किया गया। थोड़ी देर बाद पुलिस भी पहुंच गई और क्रेन मंगाई गई। पुलिस ने क्रेन से गाड़ी के नीचे दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला 1 घंटे तड़पता रहा ड्राइवर, फिर दम तोड़ा
हादसे के बाद चालक थाना बामरौली के गांव गोला इकतरा निवासी कृष्णा गाड़ी में ही फंस गया था। वह एक घंटे तक तड़पता रहा। पुलिस ने पहले हाथों से गाड़ी का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। फिर कटर से गाड़ी के दरवाजे को काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मैक्स में चालक के अलावा उसका साथी बामरौली थाना क्षेत्र के गांव नगला गाड़े निवासी भीम सवार था। उसे और मॉर्निंग वॉक पर निकले तीनों लोगों को अस्पताल भिजवाया गया। यहां डॉक्टरों ने राजेश, हरीबाबू और रामेश्वर को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मैक्स में भरे आम सड़क पर बिखर गए। हादसे के चलते एक घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ी हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने बताया- चालक कृष्णा लखनऊ से आम लेकर मैक्स से सिकंदरा मंडी जा रहा था। 15 साल से 5 दोस्त एक साथ जाते थे मार्निंग वॉक पर
रामेश्वर के बेटे रोहित ने बताया कि पापा हर दिन सुबह चार बजे घर से टहलने के लिए जाते थे। उनके साथ उनके पांच दोस्त भी जाते थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे मुझे हादसे के बारे में जानकारी हुई। मैं वहां ऑटो से पहुंचा। फिर को लेकर अस्पताल गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया कि करीब 15 सालों से पांचों दोस्त एक साथ टहलने जाते थे। आज एक लोग गए नहीं थे। जबकि चौथे साथी इन तीन लोगों से आगे निकल गए थे। वहीं मुकेश ने बताया कि जब मैं पहुंचा तो सभी गाड़ी के नीचे दबे हुए थे। पुलिस निकालने का प्रयास कर रही थी। मैक्स गाड़ी का चालक बुरी तरह से फंसा हुआ था। वह बार-बार चिल्ला रहा था कि मुझे बचाओ। फिर पुलिस ने गाड़ी काटकर उसे बाहर निकाला। —————— सड़क हादसे से जुड़ी हुई ये खबर भी पढ़ें- यूपी में परिवार के 5 लोग कार में जिंदा जले:पुलिया से टकराई, नीचे गिरते ही आग लगी यूपी के बुलंदशहर में सड़क हादसे में परिवार के 5 लोगों की कार में जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पुलिया तोड़ते हुए सड़क किनारे लगभग 5 फीट नीचे गिर गई। गिरते ही कार में भीषण आग लग गई। कार में बैठे 6 में से 5 लोगों की जिंदा जल गए। पढ़ें पूरी खबर