मथुरा में सीवर सफाई के लिए उतरे दो सफाई कर्मियों की शनिवार शाम मौत हो गई। बेहोशी की हालत में सीवर से निकाल कर उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों को समझा कर मामला शांत किया। थाना कोतवाली वृंदावन इलाके की केशव धाम पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस के सीवर की सफाई के लिए सफाई कर्मी बुलाए गए थे। इनमें से एक सफाई कर्मी जब सीवर की सफाई करने उसमें उतरा तो वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे बचाने उसका साथी उतरा वह भी उसी में रह गया। इसके बाद उनको बुलाने वाला ठेकेदार मौके से भाग गया। मृतकों की पहचान थाना जैंत के खुशीपुरा गांव निवासी 38 साल के नरेंद्र और बसेरा बैकुंठ निवासी 40 साल के छोटेलाल के रूप में हुई है। पढ़ें पूरी खबर… कन्नौज में पति-पत्नी ने जहर खाकर की आत्महत्या; 18 महीने पहले की थी लव मैरिज कन्नौज में घरेलू विवाद के बाद पत्नी ने जहर खाकर जान दे दी। शव घर पहुंचने पर पुलिस की कार्रवाई की डर से पति ने भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पति-पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है। मामला तिर्वा कस्बे के अंबेडकर नगर मोहल्ले का है। अधिवक्ता अरविंद कुमार का शुक्रवार को पत्नी शिवानी से विवाद हो गया था। दोनों ने 18 महीने पहले लव मैरिज की थी। पढ़ें पूरी खबर हरदोई में 3 किशोरों की डूबकर मौत, बाग में खेलने गए थे, गहरे गड्ढे में गिरे, 2 बच्चे मामा के घर घूमने आए थे उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शनिवार शाम तीन किशोर की डूब कर मौत हो गई। तीनों शाम 4 बजे गांव के बाहर एक बाग में खेलने के लिए गए थे। बाग में एक गहरा गढ्ढा था, जिसमें बारिश के कारण पानी भर गया था। पहले एक किशोर खेलते समय ठोकर लगने से गढ्ढे में गिर पड़ा। उसे बचाने के कोशिश में बाकी दोनों ने भी गढ्ढे में उतर गए। पैर फिसलने के कारण वे भी गहरे पानी में चले गए। पढ़ें पूरी खबर… ललितपुर में बुजुर्ग की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या, जमीन विवाद में छोटे भाई और उसके बेटों ने किया हमला ललितपुर में दो एकड़ जमीन के विवाद ने एक परिवार में खून-खराबा कर दिया। छोटे भाई ने अपने बेटों और बहुओं के साथ मिलकर 70 वर्षीय बड़े भाई पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल बुजुर्ग की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह 7 बजे की है। ग्राम भौंटा निवासी छलौने पुत्र हल्के बरार जामनी नदी के बमराना घाट पर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई ध्यानी अपने तीन पुत्रों और बहुओं के साथ वहां पहुंचा। सभी के हाथों में लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी थी। उन्होंने छलौने पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…. पैसे जमा करो तब इलाज होगा, बच्ची की मौत; हापुड़ में मां बोली- जहां काम किया, वहीं 20 हजार मांग रहे थे हापुड़ में 5 साल की बच्ची की इलाज नहीं मिलने पर मौत हो गई। अस्पताल स्टाफ ने बच्ची की मां से कहा कि पहले पैसे जमा करिए, तब इलाज होगा। नहीं तो बच्ची को सरकारी अस्पताल लेकर जाइए। कुछ देर बच्ची तड़पती रही, फिर उसकी मौत हो गई। मां ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मौत के बाद हंगामा शुरू हो गया, तब मौके पर पुलिस पहुंची। मृतक बच्ची की पहचान आमरीन (5) के रूप में हुई है। मामला पिलखुवा के सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस का है। पढ़ें पूरी खबर… ललितपुर में बड़ी बहन को कुल्हाड़ी से काट डाला, मूंगफली तोड़ने पर हुआ था झगड़ा ललितपुर में छोटी बहन ने बड़ी बहन को कुल्हाड़ी से काट कर मार डाला। मारपीट में उसे भी कुल्हाड़ी लगी है। वह बेहोश होकर गिर पड़ी। देखते ही घरवालों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के बाद बड़ी बहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि छोटी बहन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों मूंगफली तोड़ने को लेकर आपस में भिड़ गईं। एक-दूसरे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मृतका की पहचान शिखा (25) के रूप में हुई है। उसकी छोटी बहन मोनिका (21) घायल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामला मड़ावरा थाना क्षेत्र के पिसनारी गांव का है। पढ़ें पूरी खबर… शाहजहांपुर में बेटे को जहर देकर मां ने खुद भी खाया: महिला की मौत शाहजहांपुर में शनिवार को जमीन विवाद में एक महिला ने पहले अपने दो साल के मासूम बेटे को जहरीला पदार्थ खिला दिया, फिर खुद भी खा लिया। गंभीर हालत में दोनों को सीएचसी जलालाबाद लाया गया, जहां महिला की मौत हो गई। बेटे की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना मदनापुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर उत्तरी गांव की है। पढ़ें पूरी खबर चित्रकूट में निर्माणाधीन पुल का लिंटर गिरने पर कार्रवाई, PWD के 3 JE निलंबित, ठेकेदारों पर FIR चित्रकूट के मऊ तहसील में जमोहरा नाला पर ढाई करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल का लेंटर गिरने का मामला सामने आया है। लेंटर डालने के महज 24 घंटे के भीतर ही पुल जमींदोज हो गया। दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। शासन के आदेश पर बांदा के अधीक्षण अभियंता श्यामलाल ने कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के तीन जूनियर इंजीनियरों को निलंबित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर… सीतापुर में घर से 50 मीटर दूर मिली युवती की लाश; चेहरे पर चोट के निशान सीतापुर में एक 20 वर्षीय युवती का खेत में शव मिला। युवती कल रात 9 बजे से लापता थी। परिजन रात भर उसे तलाशते रहे। लेकिन कोई पता नहीं चला। युवती के शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजनों की सूचना पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घटना रामपुर मथुरा विकासखंड के धंधार गांव की है। गांव निवासी सकटू की पुत्री सलीमुन (20) शुक्रवार रात घर से शौच के लिए निकली थी। परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह गांव के ही पप्पू गौतम के मक्के के खेत से युवती का शव मिला, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों से पता लगी। युवती के घर से खेत की दूरी मात्र 50 मीटर है। पढ़ें पूरी खबर झांसी में बेड पर मिली महिला की लाश, पिता बोले- गला घोटकर बेटी को मार डाला झांसी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। उसकी एक साल पहले ही शादी हुई थी। पति का कहना है- खेत से घर लौटा तो पत्नी ने खाना परोसा। खाना खाकर घर के बाहर चला गया। करीब 15 मिनट बाद घर आया तो पत्नी बेड पर मृत पड़ी थी। महिला के पिता का आरोप है कि ससुराल में बेटी को आए दिन पीटा जाता था। ससुराल वालों ने ही गला घोटकर बेटी की हत्या की है। गले पर चोट के निशान भी दिख रहे हैं। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी पति को हिरासत में लिया है। घटना शाहजहांपुर के छपार गांव की है। पूरी खबर पढ़िए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ओकेंद्र राणा की गिरफ्तारी पर रोक लगाई, आगरा में रामजीलाल सुमन के घर पर हमले का आरोप इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ओकेंद्र सिंह राणा को राहत देते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। ओकेंद्र ने सपा के राज्य सभा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर हिंसक प्रदर्शन के दौरान हमले का आरोप है। गिरफ्तारी की रोक का आदेश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ सिंह एवं न्यायमूर्ति हरवीर सिंह की खंडपीठ ने ओकेंद्र की दो याचिकाओं पर सुनवाई के बाद दिया। राज्यसभा में बहस के दौरान सपा सांसद ने राणा सांगा पर विवादित बयान दिया था। इसके बाद 26 मार्च को करणी सेना ने आगरा में सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर हिंसक प्रदर्शन किया था। मामले में सपा सांसद के पुत्र रणधीर सुमन और सुरक्षा में तैनात एक SI ने भी एफआईआर दर्ज कराई थी। पूरी खबर पढ़िए मेरठ में 25 हजार का इनामी हत्यारे की पुलिस से मुठभेड़, पैर में लगी गोली, पुलिस पर चलाई गोली मेरठ में शुक्रवार देर रात हत्या के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली बदमाश के पैर में जा लगी, जिसके बाद वह नीचे गिर पड़ा। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने इलाज के लिए बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़ा गया बदमाश मेरठ कोतवाली के रांहगड़ो की चौपाल निवासी सलमान है, जिसने साथियों के साथ मिलकर 16 जून को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित इस्लामाबाद निवासी युवक जुनैद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पूरी खबर पढ़िए वाराणसी में इंस्पेक्टर समेत 2 दरोगा निलंबित, भेलूपुर-चौबेपुर के थानेदार लाइन हाजिर वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सर्किल और थानों में बड़े फेरबदल किए हैं। भेलूपुर और चेतगंज में नए एसीपी तैनात किए तो भेलूपुर और चौबेपुर थाने को भी नया थानेदार मिला। सीपी ने अपहरण केस में लापरवाही बरतने वाले पूर्व शिवपुर इंस्पेक्टर समेत दो दरोगाओं को निलंबित कर दिया। इसी केस में हाईकोर्ट ने डीजीपी को तलब किया है। सीपी ने शहर के सबसे महत्वपूर्ण सर्किल भेलूपुर में एसीपी गौरव कुमार को कमान सौंपी। एसीपी गौरव कुमार इससे पहले चेतगंज में सहायक पुलिस आयुक्त थे, उनकी जगह भेलूपुर में तैनात आईपीएस ईशान सोनी को चेतगंज भेजा गया है। गौरव कुमार को बीएचयू की संवेदनशीलता के चलते नए सर्किल में तैनाती दी गई है। पूरी खबर पढ़िए