सहारनपुर में पुलिस भर्ती की जेटीसी (ज्वाइनिंग ट्रेनिंग सेंटर) पहुंची एक युवती को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। वह फर्जी डॉक्युमेंट्स लेकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने पहुंची थी। दस्तावेजों की जांच में वह पकड़ी गई। पुलिस पूछताछ में उसने बताया- मैंने दूसरी महिला आरक्षी के नियुक्ति पत्र को एडिट कर उसमें अपना नाम लिखा था। सोचा था कि ऐसा कर मैं भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो जाऊंगी। मुझे सरकारी नौकरी मिल जाएगी। मगर मैं पकड़ी गई। आरोपी युवती के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सहारनपुर में रिक्रूट का प्रशिक्षण चल रहा है। यहां 250 महिला रिक्रूट पहुंची थीं। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के अनुसार, आरक्षी ट्रेनिंग के लिए वर्तमान में छह जिलों के अभ्यर्थी सहारनपुर पुलिस लाइन में दस्तावेज सत्यापन के लिए आए हुए हैं। इसी दौरान आगरा जिले के करनपुरी, जैतपुर कलां की निवासी मीनाक्षी नाम की महिला एक अभ्यर्थी के रूप में दस्तावेज जांच के लिए पहुंचे। महिला ने अपने दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे। दस्तावेजों की जांच करने पर नियुक्ति पत्र संदिग्ध मिला। इस पर जब अधिकारियों ने सख्ती से पूछताछ की, तो महिला ने कबूल कर लिया कि उसने किसी अन्य महिला अभ्यर्थी का नियुक्ति पत्र एडिट कर उसमें अपना नाम डाल दिया था।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने अमरोहा जिले के नवापुरा गांव की रहने वाली मीनाक्षी पुत्री शिवराज नामक महिला अभ्यर्थी के दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। बताया कि दस्तावेजों में “मीनाक्षी” नाम की पांच महिला आरक्षी दर्ज हैं। जब मीनाक्षी नाम से छठवां नाम आया तो अधिकारियों को शक हुआ। पुलिस की पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। एसएसपी ने बताया कि महिला के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला ने ये फर्जीवाड़ा अकेले किया या इसमें कोई गिरोह शामिल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इस फर्जीवाड़े के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा। …………….. ये खबर भी पढ़िए- बाबा विश्वनाथ नहीं देंगे स्पर्श दर्शन, प्रोटोकॉल कैंसिल रहेंगे:मंदिर न्यास ने कहा- भक्त स्मार्टवॉच, मोबाइल न लाएं, सावन में 1.5 करोड़ भक्त दर्शन करेंगे काशी विश्वनाथ धाम में सावन के महीने में 1.5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन करेंगे। सावन 11 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेंगे। इस बार 4 सोमवार होंगे। दरअसल, 2024 में सावन के 5 सोमवार पड़े थे, काशी विश्वनाथ में 1.65 करोड़ श्रद्धालुओं ने दर्शन किया था। इस बार सावन के सोमवार 4 हैं, मगर श्रद्धालु ज्यादा रहेंगे। इसलिए काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने व्यवस्थाएं फाइनल करनी शुरू कर दी हैं। सावन के महीने में सुगम दर्शन और VIP प्रोटोकॉल पर रोक लगा दी गई है। पढ़ें पूरी खबर…