DIG बोले-रिश्वत वापस करो, दरोगा ने फिर भी नहीं लौटाए:गोंडा में SHO को फटकार लगाई, कहा था- तुम्हारा दरोगा नाक कटवा रहा

‘आपके थाने के दरोगा ने चार्जशीट के नाम पर 30 हजार रुपए ले लिए। बाद में मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। आप वहां कर क्या रहे हैं? SHO का काम है कि थाने में भ्रष्टाचार न होने पाए। अब इनका पैसा वापस कराओ, नहीं तो तुम्हें सस्पेंड करूंगा। इन लोगों ने भ्रष्टाचार बढ़ा रखा है। ये सब विभाग का नाम खराब करवा रहे हैं। पूरे जोन और पूरे जिले की नाक कटवा रखी है।’ ये बातें गोंडा में देवीपाटन रेंज के DIG अशोक कुमार शुक्ला ने तरबगंज के एसएचओ से फोन पर कहीं। दरअसल, DIG जनसुनवाई कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति पहुंचा। उसने कहा कि दरोगा ओम प्रकाश यादव ने चार्जशीट लगाने के लिए 30 हजार रुपए लिए थे, लेकिन बाद में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। शिकायत सुनने के बाद DIG ने एसएचओ को फोन लगाया और फटकार लगाई। पैसे तुरंत वापस कराने को कहा। मामला 9 जुलाई का है, लेकिन इसका वीडियो आज सामने आया है। हालांकि, पीड़ित व्यक्ति का कहना है कि DIG की फटकार के बाद भी अभी तक पैसे नहीं मिले हैं। पूरा मामला विस्तार से पढ़िए तरबगंज थाना क्षेत्र के मन्नीपुर गांव के रहने वाले किंग उपाध्याय 9 जुलाई को DIG कार्यालय पहुंचे। वहां डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। किंग ने शिकायत की कि तरबगंज थाने में तैनात दरोगा ओम प्रकाश यादव ने मारपीट के मामले में चार्जशीट लगाने के लिए उनसे 30 हजार रुपए लिए थे, लेकिन बाद में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। उन्होंने बताया कि मैं एक महीने से दरोगा से कह रहा हूं, मेरा काम नहीं किया, तो पैसे वापस कर दो। लेकिन वह न कॉल उठा रहे हैं, न ही मेरे मैसेज का जवाब दे रहे हैं। उन्होंने DIG को दरोगा को भेजे गए मैसेज के स्क्रीनशॉट भी दिखाए। यह देखकर DIG भड़क गए। शिकायत सुनते ही डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने तरबगंज एसओ को फोन किया। कहा- एसओ तरबगंज, आपके यहां ओम प्रकाश यादव नाम के दरोगा हैं। इस मुकदमे का नंबर मैं आपको फोटो खींचकर भेज रहा हूं। दरोगा ने चार्जशीट लगाने के लिए 30 हजार रुपए लिए थे, लेकिन इस पर फाइनल रिपोर्ट लगा दी। अब आप इसकी मेरिट चेक करिए कि इस मुकदमे में क्या होना चाहिए? अगर चार्जशीट का आधार है. तो चार्जशीट लगाइए। इनका 30 हजार रुपए तुरंत वापस कराइए, नहीं तो मैं वापस कराऊंगा। उन्हें जेल भेजने का काम आप करिएगा। आदमी से दरोगा ने 30 हजार रुपए ले लिए, तो आप वहां क्या कर रहे थे? इनकी वॉट्सएप चैट मैंने देखी है। ये दरोगा को मैसेज कर रहे हैं कि मेरा पैसा वापस करो। अगर उसमें दम होता, तो पूछता कि कौन से पैसे, किस पैसे की बात कर रहे हो। वह चुप बैठा है, क्योंकि उसने पैसा लिया होगा। ऐसा भ्रष्टाचार होगा, तो आप सस्पेंड हो जाएंगे। मेरी गाड़ी में तोड़फोड़ हुई थी पीड़ित किंग उपाध्याय ने बताया- 23 जनवरी, 2026 को गांव के ही राजा ने मेरी कार में तोड़फोड़ कर शीशा तोड़ दिया था। विरोध करने पर मेरे साथ मारपीट की थी। मैंने केस दर्ज कराया और दरोगा ओम प्रकाश यादव से चार्जशीट लगाने की मिन्नतें कीं। दरोगा ने मुझसे इसके लिए 30 हजार रुपए मांगे। मैंने फरवरी में पैसे भी दे दिए। बाद में दरोगा ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी। हमने उन्हें वॉट्सएप पर मैसेज किया कि पैसा वापस कर दीजिए। उन्होंने कहा कि बहराइच ड्यूटी पर आया हूं, वापस कर दूंगा। दो महीने से मैं भटक रहा हूं, लेकिन पैसा नहीं दे रहे थे। फिर मैं DIG से मिला। ———————— ये खबर भी पढ़ें राजा भैया का अचूक निशाना, चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता, दिल्ली में हुई थी प्रतियोगिता, बाहुबली के पास है 200 हथियारों का जखीरा बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग (एनआर) में 25 पॉइंट का स्कोर बनाया। नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 21 से 30 जून तक चैंपियनशिप आयोजित हुई थी। राजा भैया ने प्रतियोगी संख्या 71 के रूप में भाग लिया था। बुधवार को इसका परिणाम घोषित हुआ। पूरी खबर पढ़ें