अखिलेश बोले- सरकार डर गई, इंटरनेट बंद कर दिया:गोरखपुर में 20km लंबा रोड शो किया, कहा- यहां ऐसा लगा जैसे यूरोप में हैं

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर में 20 किमी लंबा रोड शो करने के बाद जनसभा की। कहा- अगर आज ही वोट पड़ जाएं तो काशी का डबल जीरो गोरखपुर में भी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर आकर ऐसा लग रहा कि यूरोप की यात्रा पर आया हूं। इंटरनेट नहीं चलने पर अखिलेश ने कहा- सरकार डर गई है, इसीलिए इंटरनेट बंद कर दिया। इससे पहले रोड शो में अखिलेश ने PDA रथ की छत पर चढ़कर कार्यकर्ताओं के सामने हाथ जोड़े। समर्थकों ने उन पर फूल बरसाए। क्रेन से माला पहनाई। रोड शो में सपा कार्यकर्ता रथ के आगे-पीछे दौड़ते रहे। ‘टीपू इज बैक’ के पोस्टर लहराते रहे। डीजे पर ‘यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है…’ और ‘2027 में अखिलेश आ रहे हैं…’ जैसे गाने बजाए गए। ‘2027 के सत्ताधीश’ लिखी टी-शर्ट पहनकर 2 फीट के शुभम ने डांस किया। वहीं, जनसभा स्थल पर श्रीकृष्ण के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर वाला पोस्टर लगाया गया। इससे पहले अखिलेश बुधवार दोपहर 12.30 बजे निजी विमान से गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर एक हजार से ज्यादा सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़े के साथ 6 बटुकों ने मंत्रोच्चारण किया।।