सपा नेता आजम खान करीब 11 महीने बाद जेल से बाहर आ गए हैं। दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला पिता को लेने जेल पहुंचे। इससे पहले बुधवार शाम करीब 4:30 बजे उनकी रिहाई का परवाना गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचा। कागजी कार्रवाई पूरी होते ही आजम को रिहा कर दिया गया। जेल के बाहर आजम के 600 से ज्यादा समर्थक मौजूद हैं। उनकी मुंहबोली बेटी एकता कौशिक भी जेल पहुंची हैं। इससे पहले 31 अक्टूबर को भी आजम रामपुर जेल से बाहर आए थे, लेकिन ED ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से वह डासना जेल में बंद थे। इससे पहले बुधवार सुबह ED आजम की अंतरिम जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी। ED ने मामले में तुरंत सुनवाई की मांग की थी। इस पर जज ने ED को फटकार लगाई। कहा- इतनी जल्दी क्या है, आजम को जमानत पर रहने दीजिए, कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा।