गोंडा अवध हॉस्पिटल पीछे रखे जनरेटर में लगी भीषण, VIDEO:फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने घंटों बाद आग पर पाया काबू

गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के सर्कुलर रोड स्थित डॉ. एन.एन. तिवारी के अवध हॉस्पिटल के पीछे रखे जनरेटर में देर रात अचानक आग लग गई। आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि फायर ब्रिगेड, अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार, अज्ञात कारणों से जनरेटर में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हल्की हवा के कारण आग तेजी से पूरे जनरेटर में फैल गई और वह धू-धूकर जलने लगा। धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और अस्पताल प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने अस्पताल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि सर्कुलर रोड स्थित अवध हॉस्पिटल के पीछे रखे जनरेटर में आग लगी थी, जिस पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग या शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और आसपास के लोगों को भी कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई। अस्पताल की फायर सेफ्टी व्यवस्था भी आग बुझाने में कारगर साबित हुई। पुलिस ने अस्पताल संचालक को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पूरे मामले में फायर विभाग की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।