गोरखपुर में 11वीं का छात्र PUB-G में तीन लाख हारा:गर्लफ्रेंड से चेहरे पर खून, मुंह पर टेप वाली तस्वीर बनवाई; पिता को भेजकर फिरौती मांगी

गोरखपुर में 11वीं के छात्र ने PUB-G में 3 लाख रुपए हारने के बाद अपने अपहरण की झूठी कहानी रच दी। गर्लफ्रेंड की मदद से AI से ऐसी फोटो बनवाई, जिसमें उसके मुंह पर टेप और शरीर पर खून के निशान दिख रहे थे। फोटो देखकर ऐसा लग रहा था कि उसे बुरी तरह पीटा गया है। छात्र ने पिता को वॉट्सएप पर फोटो भेजी और मैसेज लिखा- 1 लाख रुपए भेज दो, नहीं तो बेटे की लाश मिलेगी। फोटो देखते ही पिता घबरा गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्र का फोन सर्विलांस पर लगाया। करीब 2 घंटे बाद मंगलवार रात 2 बजे उसे दोस्त के घर से पकड़ लिया। मामला जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर सिकरीगंज का है। 16 साल के छात्र के पिता कपड़ा कारोबारी हैं। उसकी गर्लफ्रेंड दिल्ली में रहती है। दोस्तों ने पैसे वापस मांगे तो खुद के अपहरण की योजना बनाई सत्यप्रकाश संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा शहर के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में 11वीं में पढ़ता है। पुलिस के मुताबिक, छात्र को PUB-G खेलने की लत है। गेम खेलने के चक्कर में उसने दोस्तों और कुछ जानने वालों से पैसे उधार ले लिए। धीरे-धीरे उस पर करीब 3 लाख रुपए का कर्ज हो गया। लोगों ने पैसे मांगने शुरू किए तो उसने अपहरण की योजना बनाई। उसने दिल्ली में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड से बात की और ऐसी फोटो बनाने को कहा, जिसमें लगे कि उसका अपहरण हो गया है। गर्लफ्रेंड ने AI की मदद से उसकी फोटो तैयार की। मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाला, Wi-Fi से कनेक्ट कर फोटो भेजी प्लान के मुताबिक, मंगलवार शाम 7 बजे छात्र घर से सिकरीगंज जाने की बात कहकर निकला। वहां पहुंचने के बाद उसने मोबाइल को फ्लाइट मोड पर डाल दिया। बाद में फोन को एक दोस्त के Wi-Fi से कनेक्ट किया। रात 9:47 बजे छात्र ने पिता के वॉट्सएप पर AI से बनाई गई फोटो और धमकी भरा मैसेज भेजा। लिखा- तुम्हारा लड़का मेरे पास है। तुम लोग अपने बेटे को सही-सलामत देखना चाहते हो तो जैसा बोल रहा हूं, वैसा करो। तुम्हें अपने बेटे की फिक्र नहीं है क्या? जल्द एक लाख रुपए भेजो, नहीं तो लाश मिलेगी। मैसेज और फोटो देखकर पिता सत्यप्रकाश घबरा गए। उन्होंने पूछा कि पैसे कहां भेजने हैं। इस पर छात्र ने एक नंबर भेजकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने को कहा। पिता ने बताया कि उनके फोन में पैसे नहीं हैं, इसलिए वह ऑनलाइन भुगतान नहीं कर सकते। इसके बाद बेटे ने 2 लाख रुपए कैश में लाने को कहा। पिता सीधे धनघटा थाने पहुंचे और पुलिस को बेटे के अपहरण की जानकारी दी। सर्विलांस से खुला राज, दोस्त के घर मिला छात्र एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया- पुलिस ने छात्र के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया। जांच में पता चला कि छात्र का फोन सिकरीगंज में है। इसके बाद पुलिस ने सिकरीगंज पुलिस से संपर्क किया और पूरी जानकारी दी। रात करीब 2 बजे पुलिस टीम वहां पहुंची तो छात्र अपने दोस्त के घर आराम करते मिला। पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। पूछताछ में सामने आया कि छात्र ने कर्ज चुकाने के लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी रची थी। ————————— यह खबर भी पढ़िए तुम्हारी पिटाई नहीं सह सकती- लिख पत्नी फंदे से लटकी: बाएं पैर पर लिखा सुसाइड नोट; हाथरस की महिला पति संग गुजरात में रहती थी हाथरस की रहने वाली एक महिला ने पति से परेशान होकर गुजरात के बडोदरा में फंदे से लटक गई। मरने से पहले उसने अपनी 8 महीने की बेटी को पड़ोसी को दे दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर…