जिस DJ की वजह से जान गई, उसका मालिक-ऑपरेटर गिरफ्तार:दरोगा सस्पेंड; बलरामपुर में टीचर बोलीं- आवाज से क्लास हिल रही थी

बलरामपुर के डिवाइन पब्लिक स्कूल में सोमवार को क्लास में बैठे-बैठे कक्षा-2 की छात्रा वैष्णवी तिवारी की मौत हो गई थी। कारण- गणेश विसर्जन के जुलूस के दौरान बजने वाले DJ की तेज आवाज को बताया गया था। बुधवार रात पुलिस ने इस मामले में बड़ा एक्शन लिया। DJ मालिक चंद्र प्रकाश वर्मा और ऑपरेटर रामपाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिकअप, DJ साउंड सिस्टम और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। वहीं, मेवालाल पुलिस चौकी के प्रभारी शैलेंद्र कुमार यादव को सस्पेंड कर दिया गया। एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह के निर्देश पर कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पुलिस के मुताबिक, स्कूल मैनेजर आशीष कुमार उपाध्याय की शिकायत पर कोतवाली नगर में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना से जुड़े CCTV फुटेज को भी सुरक्षित कराया गया है। इससे पहले घटना के समय वैष्णवी की क्लास में पढ़ा रही टीचर इकरा खान ने भी मीडिया से बात की। उन्होंने कहा- मैं क्लास में पढ़ा रही थी। तभी पास से गणेश विसर्जन की यात्रा निकलने लगी। उसमें डीजे बहुत तेज बज रहा था। पूरे क्लास में वाइब्रेशन (कंपन) हो रहा था। क्लास के सारे बच्चे भी यात्रा देखने के लिए खिड़की की तरफ भाग गए। मैंने बच्चों को रोक रही थी, लेकिन वो लोग बार-बार यात्रा देखने के लिए खिड़की की तरफ भागते रहे। इस वजह से मुझे बच्चों को डांटना पड़ा। बड़ी मुश्किल से बच्चे सीट पर बैठे। मैंने फिर से बच्चों को पढ़ाना शुरू किया। तभी वैष्णवी सीट पर गिर गई। उसके बगल में बैठे बच्चे ने मुझे बताया। मैं दौड़कर उसके पास गई। उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं उठी। बच्ची को अटैक आया था। मैंने दूसरे टीचरों को बुलाया। हम लोगों ने वैष्णवी को सीट पर लिटाया। फिर उसे उठाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वो नहीं उठी। वैष्णवी के घरवालों को भी बुलाया। इसके बाद हम लोग उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने डेड बता दिया। टीचर इकरा का कहना है कि वैष्णवी सुबह से बिल्कुल ठीक थी। दूसरे बच्चों के साथ पढ़ और खेल रही थी। डीजे की तेज आवाज की वजह से ही उसकी तबीयत बिगड़ी। बच्चों की पढ़ाई के लिए बलरामपुर में रह रहा था परिवार वैष्णवी अपने पिता सोनू तिवारी की 3 संतानों में सबसे बड़ी थी। उसके बाद 5 साल की बेटी और 3 साल का बेटा है। सोनू तिवारी करीब 2 साल पहले पत्नी और तीनों बच्चों के साथ बलरामपुर में किराए के मकान में रहने लगे थे। वह पेशे से इंजीनियर हैं। मकान का नक्शा बनाने का काम करते हैं। सोनू के माता-पिता और 4 भाई समेत परिवार का बड़ा हिस्सा हैदराबाद में रहता है। वहां परिवार का कारोबार भी है। बच्चों की पढ़ाई की वजह से सोनू बलरामपुर में रह रहे थे, जबकि सिद्धार्थनगर स्थित पैतृक गांव से उनका जुड़ाव बना हुआ था। क्लास में बैठे-बैठे हुई थी छात्रा की मौत सोमवार सुबह 11 बजे बलरामपुर में क्लास में बैठे-बैठे कक्षा-2 की छात्रा की मौत हो गई थी। बच्ची अचानक अपनी सीट से खड़ी हुई और फिर गिर पड़ी। कुछ देर बाद वह दोबारा संभली, लेकिन फिर बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद वह नहीं उठी। यह देखकर टीचरों ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। छात्रा की मौत कैसे हुई, 3 तस्वीरों में देखिए स्कूल के पास से निकल रहा था गणेश विसर्जन का जुलूस स्कूल मैनेजमेंट का कहना है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय स्कूल के पास गणेश विसर्जन का जुलूस निकल रहा था। उसमें फुल वॉल्यूम में डीजे बज रहा था। उसकी तेज आवाज से ही बच्ची की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने छोड़ा पद बच्ची की मौत के बाद केंद्रीय गणपति महोत्सव समन्वय समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. तुलशीष दुबे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके साथ समिति के उपाध्यक्ष अमरीश शुक्ला और अंकुर चौहान ने भी पद छोड़ेंगे। डॉ. दुबे ने कहा कि बलरामपुर में पिछले 12-15 सालों से गणपति उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। समितियों की संख्या बढ़ने के बाद करीब 10 साल पहले केंद्रीय गणपति महोत्सव समन्वय समिति बनी थी। जिससे सभी समितियों के बीच तालमेल बैठाया जा सके। उत्सव को व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से कराया जा सके। लेकिन जिस मकसद से समिति बनाई गई थी, अभी वह पूरा होता नहीं दिख रहा। अलग-अलग समितियां खुद को सक्षम मानती हैं। केंद्रीय समन्वय समिति के सुझावों और अपीलों को गंभीरता से नहीं ले रहीं। समिति लगातार अपील करती है कि डीजे की आवाज तय सीमा में रखी जाए, लेकिन कोई मानता नहीं है। ————————- यह खबर भी पढ़ें- मायावती ने भतीजे ईशान को आकाश की जगह दी, नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया बसपा सुप्रीमो मायावती ने छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी का नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाने का ऐलान किया है। बुधवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग में उन्होंने कहा- ईशान राजाराम और रामजी गौतम की देखरेख में आगे बढ़ेंगे। उनसे मार्गदर्शन लेंगे। जरूरत पड़ने पर अपने पिता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार का भी मार्गदर्शन लेंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर