चित्रकूट के एसडीएम (न्यायिक) इलाहाबाद हाईकोर्ट के सामने अपने ड्राइंग रूम से पेश हुए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से इस तरह जुड़ने पर हाईकोर्ट ने कड़ी आपत्ति जताई। एसडीएम के साथ ही जिले के डीएम से भी स्पष्टीकरण मांगा है। जस्टिस सौरभ श्याम शमशेरी की पीठ ने सवाल किया कि एसडीएम को ड्राइंग रूम से जुड़ने की अनुमति क्यों दी गई? एसडीएम ने जवाब दिया कि उनके घर पर इंटरनेट की सुविधा बेहतर थी। वह डीएम की अनुमति से घर से पेश हुए थे। कोर्ट ने आदेश की प्रति प्रदेश के पंचायती राज विभाग के मुख्य सचिव को भेजने का निर्देश दिया है। मुख्य सचिव एसडीएम का जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर उनके खिलाफ जांच पर फैसला करेंगे। हाईकोर्ट बोला- डीएम ऑफिस से भी पेश हो सकते थे SDM हाईकोर्ट ने कहा- अगर एसडीएम के ऑफिस में इंटरनेट की सुविधा नहीं थी तो डीएम उन्हें अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अनुमति दे सकते थे। कोर्ट ने डीएम से कहा- आप सरकारी अधिकारियों को कोर्ट में पेशी के दौरान आवश्यक शिष्टाचार और मर्यादा का ध्यान रखने की सलाह दें। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए यह मामला सुनील की ओर से दायर रिट याचिका की सुनवाई के दौरान सामने आया। सुनील, तहसील घिरोर की ग्राम पंचायत अचलपुर के प्रधान हैं। उनकी ओर से तनीशा जहांगीर मुनीर ने पक्ष रखा। सुनील के खिलाफ चुनाव हारने वाले प्रत्याशी ने एसडीएम कोर्ट में चुनाव याचिका दायर की थी, जिसे 5 जुलाई, 2024 को खारिज कर दिया गया। इसके बाद 25 जुलाई, 2024 को रिव्यू अर्जी दाखिल की गई। 1 अप्रैल, 2025 को तत्कालीन एसडीएम, जो अब चित्रकूट में एसडीएम (न्यायिक) हैं, ने पांच लाइन का आदेश जारी कर रिव्यू अर्जी स्वीकार कर ली और 5 जुलाई, 2024 का पुराना आदेश रद्द कर दिया। हालांकि, आदेश में इसकी कोई वजह नहीं बताई गई। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि दोनों पक्षों को सुनवाई का मौका दिया गया था या नहीं। इसके बाद 30 जुलाई, 2025 को फिर रिव्यू अर्जी स्वीकार कर 5 जुलाई, 2024 का आदेश रद्द कर दिया गया। इस पर कोर्ट ने सवाल उठाया कि जब एक आदेश पहले ही रद्द किया जा चुका था, तो उसे दोबारा कैसे रद्द किया जा सकता है? इस सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। एसडीएम कानूनी आधार नहीं बता सके हाईकोर्ट ने दोनों आदेश देने वाले चित्रकूट के एसडीएम (न्यायिक) प्रसून कश्यप को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश होने का निर्देश दिया था। सुनवाई में एसडीएम ने बताया- 1 अप्रैल, 2025 का आदेश इसलिए दिया गया, क्योंकि दूसरे पक्ष ने रिव्यू अर्जी पर जवाब दाखिल नहीं किया था। हालांकि, वे यह नहीं बता सके कि आदेश में कारण क्यों नहीं लिखे गए। एसडीएम प्रसून कश्यप ने कहा- 30 जुलाई, 2025 के बाद के आदेश में कारण दिए गए थे। इस पर हाईकोर्ट ने पूछा कि पहले ही रद्द किए जा चुके आदेश को दोबारा रद्द करने का कानूनी आधार क्या था। कोर्ट के अनुसार, एसडीएम ऐसा कोई कानूनी प्रावधान भी नहीं बता सके, जो इस तरह की कार्रवाई की अनुमति देता हो। दोनों आदेश रद्द, नए सिरे से सुनवाई के निर्देश हाईकोर्ट ने 1 अप्रैल, 2025 और 30 जुलाई, 2025 के दोनों आदेश रद्द कर दिए। कोर्ट ने संबंधित अधिकारी को रिव्यू अर्जी पर नए सिरे से सुनवाई कर 4 हफ्ते में फैसला लेने का निर्देश दिया। दोनों पक्षों को 26 नवंबर, 2026 को संबंधित अधिकारी के सामने पेश होकर अपना जवाब और दलीलें रखने को कहा गया है। कोर्ट ने आदेश की कॉपी पंचायती राज विभाग के मुख्य सचिव को भी भेजने का निर्देश दिया, ताकि एसडीएम के स्पष्टीकरण के आधार पर उनके खिलाफ जांच शुरू करने पर फैसला लिया जा सके।