पिता बोला- दिन में शादी, सुहागरात में मौत कैसे हुई:बेटी को मारकर लटकाया गया; सिद्धार्थनगर में शादी वाली रात मिले थे दूल्हा-दुल्हन के शव

‘हम लोग वैशाख में शादी कराने वाले थे। 15 दिन पहले लड़के ने फोन किया था। कहने लगा कि मेरी तबीयत खराब है, देखभाल करने वाला कोई नहीं है। लड़की को भेज दो। मैंने कहा कि गांव वाले मुझे क्या कहेंगे? इसने पता नहीं बेटी से क्या बात की, कि वो दूसरे दिन इनके घर चली गई। दिन में हंसी-खुशी शादी हुई, तो रात में कोई कैसे जान दे देगा? बेटी की हत्या हुई है। मुझे इंसाफ चाहिए।’ यह कहना है अनीता के पिता पंचराम का। सिद्धार्थनगर में सोमवार (21 सितंबर) को शादी वाली रात ही दूल्हा-दुल्हन के शव कमरे में मिले थे। हुल्हन के घरवालों का कहना है कि लड़के और उसके घरवालों ने बेटी की हत्या की है। मामला बांसी थाना क्षेत्र का है। दैनिक भास्कर की टीम जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर घटनास्थल पर पहुंची। परिवार और रिश्तेदारों से बात की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… साथ रहता है दो भाइयों का परिवार जनियाजोत गांव में मुकेश का दो मंजिला घर है। घर में पत्नी ममता, दो बेटे देशराज (24) और अरुण (22) के अलावा एक छोटी बेटी कुच्ची (18) है। इसी घर में फर्स्ट फ्लोर पर मुकेश के छोटे भाई का परिवार रहता है। मुकेश लुधियाना में सब्जी बेचने का काम करते हैं। देशराज दिल्ली में पानीपूरी की दुकान में काम करता था। जुलाई में इंगेजमेंट, अगले साल होनी थी शादी गांव से 15 किमी दूर कड़जहवा गांव के रहने वाले पंचराम दिल्ली में छोले-भटूरे की दुकान पर काम करते हैं। पंचराम के परिवार में पत्नी किसलवती और 2 बेटियां थीं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी अनीता (22) की शादी देशराज के साथ तय की थी। जुलाई में दोनों की इंगेजमेंट हुई थी। शादी की तारीख मई- 2027 की तय हुई थी। इंगेजमेंट के बाद देशराज वापस दिल्ली चला गया था। इंगेजमेंट के बाद अनीता और देशराज के बीच फोन पर बात होने लगी थी। 15 दिन पहले देशराज दिल्ली से गांव लौट आया। लड़की खुद से लड़के के घर रहने पहुंची अनीता और देशराज की फोन पर बात हुई। इसके बाद अनीता अगले दिन खुद ही देशराज के घर पहुंच गई। लड़का और लड़की दोनों के घरवालों को ऐसे लड़की का बिना शादी किए साथ रहना सही नहीं लग रहा था। लेकिन, वो दोनों एक-दूसरे के बिना रहने को तैयार नहीं थे। दोनों परिवारों ने फैसला लिया कि मंदिर में शादी करा देते हैं। सोमवार (21 सितंबर) को दोपहर 2 बजे बांसी के टेकधर बाबा मंदिर में शादी कराई गई। दोनों ने मंदिर में 7 फेरे लिए। शादी की सभी रस्में धूमधाम से कराई गईं। दोनों के परिवारवालों ने उन्हें आशीर्वाद दिया। शादी के बाद देशराज पत्नी अनीता को लेकर घर पहुंचा। शाम को रिश्तेदारों और गांववालों के लिए दावत हुई। पिता के साथ मिलकर लड़के ने खुद बनाया खाना शादी का खाना भी देशराज और उसके पापा ने मिलकर बनाया था। रात 11 बजे तक कार्यक्रम चला। दूल्हा-दुल्हन ने भी डीजे पर डांस किया। नीचे जगह कम थी, इसलिए परिवार के सभी लोग ऊपर सोने चले गए। नीचे एक रूम था, जो देशराज और अनीता को दे दिया गया। 22 सितंबर (मंगलवार) की सुबह मौसी मीनाक्षी बहू को जगाने पहुंचीं, तो अंदर से कोई आवाज नहीं मिला। उन्होंने दरवाजे पर धक्का दिया, तो वह खुल गया। अंदर जमीन पर अनीता का शव पड़ा था, जबकि देशराज फंदे से लटक रहा था। मीनाक्षी के चीखने पर घर के लोग भी वहां पहुंच गए। अनीता के घरवालों और पुलिस को घटना के बारे में बताया गया। पुलिस ने पहुंचकर दोनों के शव उतरवाए और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे। अब पढ़िए लड़की के पिता ने जो कुछ बताया… अनीता के पिता पंचराम ने बताया- कमरे का दरवाजा खुला मिला था। ऐसे में घरवालों के अलावा और कौन हत्या कर सकता है? मैं शादी में दहेज देने की तैयारी कर रहा था, लेकिन अचानक मंदिर में शादी करा दी गई। तिलक में लड़केवालों ने 50 हजार रुपए और गाड़ी की डिमांड की थी। मैंने कहा कि आगे-पीछे दे देंगे। एक साथ दोनों की मौत कैसे हो सकती है? पिता का कहना है- रात में सब कार्यक्रम होने के बाद हम लोग अपने घर आ गए थे। सुबह अचानक फोन आया, बोले कि अर्जेंट आ जाओ। मैंने कहा कि अभी तो आए हैं, अचानक क्या हो गया? इस पर एक महिला कहने लगी कि दोनों की मौत हो चुकी है। मुझे समझ में नहीं आया कि एक ही साथ दोनों की मौत कैसे हो सकती है? इसके बाद जब हम वहां पहुंचे, तो उन लोगों ने हमारे साथ गाली-गलौज की और मारने के लिए दौड़ा लिया। मुझे बेटी का शव तक नहीं देखने दिया। मुझे केवल इंसाफ चाहिए। बहन बोली- दरवाजा बाहर से खुला था अनीता की बहन का कहना है- घरवालों और आस-पड़ोस के लोगों ने मिलकर हत्या की है। मैं जब अपनी बहन को देखने पहुंची, तो घर का दरवाजा बाहर से खुला हुआ था। अगर उन दोनों ने खुद को नुकसान पहुंचाया होता, तो दरवाजा अंदर से बंद होता। कमरे में खाना वैसा ही पड़ा हुआ था। थाली में पूरी, सब्जी, दाल और चावल रखे थे। लेकिन, किसी ने एक दाना भी नहीं खाया था। चारों तरफ सामान और फूल बिखरे पड़े थे। जमीन पर सिर्फ चटाई बिछी थी। हम लोग जब वहां पहुंचे, तो गांववालों ने मिलकर हमारे साथ मारपीट और गाली-गलौज की। लड़का तो पढ़ा-लिखा समझदार था। उसके पिता ने ही हत्या की होगी। दूल्हे की चाची बोली- हम लोग छत पर थे देशराज की चाची प्रमिला ने बताया- शादी में हम सब लोग आए थे। घर पर खाने-पीने के बाद शाम को बिजली चली गई। इस पर हम सभी 10 से 11 बजे के बीच छत पर सोने चले गए। शादी का माहौल होने से नीचे बर्तन वगैरह रखे थे और जगह भी कम थी। इसके अलावा हम लोगों ने सोचा कि नई-नई शादी हुई है, तो ये दोनों नीचे ही रहेंगे। जब हम सोने गए, तब उन लोगों ने दरवाजा बंद कर लिया था। रात में देशराज न तो घर से बाहर निकला और न ही छत पर आया। रात में उन दोनों के बीच क्या हुआ, हमें इस बारे में कुछ नहीं पता। हम खुद बहुत परेशान हैं कि इतने बड़े कार्यक्रम के बाद अचानक ऐसी घटना कैसे हो गई? लड़की अचानक घर आ गई, तो हमने शादी करा दी चाची ने बताया- दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद नहीं थी, पल्ला बस आपस में सटा था। मौसी ने जैसे ही दरवाजा खोला, तो देखा कि लड़की जमीन पर लेटी थी। देशराज फंदे पर लटके थे। केवल देशराज का ही मोबाइल रखा था। अनीता के पास अपना फोन नहीं था। अनीता अपने मायके वालों के फोन से बात करती थी। लेकिन, यहां आने पर वह मोबाइल साथ नहीं लाई थी। देशराज के चाचा ने बताया कि अनीता अचानक घर पर आ गई। हम लोगों ने कहा कि बिना शादी के कैसे घर पर रखें। कुछ लोगों से राय-मशविरा भी लिया गया। लोगों ने कहा कि दोनों की कोर्ट मैरिज कर दी जाए। सभी लोग हंसी-खुशी से रह रहे थे। लड़की के पिता पंचराम से बात हुई। वह दिल्ली में थे। उन्हें पूरी बात बताई गई। इसके बाद 21 सितंबर को मंदिर में शादी करने का फैसला किया गया। एक-दूसरे के बिना रहने को तैयार नहीं थे दोनों अनीता के पिता पंचराम दिल्ली से आए। मेरे भाई (देशराज के पिता) लुधियाना में थे, उन्हें भी बुलाया गया। लड़का-लड़की एक-दूसरे के बिना रहने के लिए तैयार नहीं थे। इस वजह से हंसी-खुशी से शादी कर दी गई। सब कुछ ठीक था, माहौल भी ठीक था। समझ में नहीं आ रहा है कि रात में ऐसा क्या हुआ, जिससे दोनों ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने उलझाया मामला पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला और उलझ गया है। पहले आशंका थी कि पति ने पत्नी की हत्या कर खुद फंदे से लटका होगा। क्योंकि लड़की का शव जमीन पर पड़ा था। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत हैंगिंग से आई है। उनके शरीर पर संघर्ष या मारपीट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमॉर्टम में यह भी पता चला है कि रात में दोनों के बीच शारीरिक संबंध नहीं बने थे। गांव के लोगों में चर्चा है कि रात में देशराज के फोन पर कोई वीडियो आया था। वीडियो अनीता के प्रेमी ने भेजा था। जिसको लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि झगड़े के बाद देशराज बाहर चला गया होगा। उसी टाइम अनीता ने जान दे दी। देशराज लौटा, तो उसने अनीता को फंदे से उतारकर खुद भी उसी फंदे से लटककर जान दे दी। कोतवाली बांसी के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों की मौत हैंगिग से हुई है। देशराज का फोन जांच के लिए फोरेंसिक टीम के पास भेजा गया है। अभी तक दोनों पक्षों ने कोई शिकायत नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है। ———————– ये खबर भी पढ़ें शादी की रात दूल्हा-दुल्हन की लाश मिली, पत्नी लाल जोड़े में जमीन पर पड़ी थी, पति फंदे पर लटका था सिद्धार्थनगर में सुहागरात के अगले दिन मंगलवार सुबह दूल्हा-दुल्हन की कमरे में लाश मिली। पत्नी लाल जोड़े में फर्श पर, जबकि पति का शव लटका हुआ मिला। पुलिस को शक है कि रात में किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद पति ने पत्नी की हत्या करके खुद जान दे दी। पढ़ें पूरी खबर…