आगरा में फतेहाबाद सीट से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का गुरुवार को निधन हो गया। गुरुवार देर शाम 8.30 बजे उन्होंने नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। 73 साल के छोटेलाल वर्मा को कई दिनों से बुखार था। दो दिन पहले 22 सितंबर को तबियत बिगडने पर उन्हें आगरा में उपाध्याय हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राजीव उपाध्याय ने बताया, विधायक छोटेलाल वर्मा को तेज बुखार था। हालात बिगड़ने पर गुरुवार को दिल्ली के गंगाराम हॉस्पीटल में रेफर किया गया था। एंबुलेंस से उन्हें गंगाराम हॉस्पीटल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई। इस पर उन्हें नोएडा के यथार्थ हॉस्पीटल में एडमिट कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई। विधायक के बेटे महेंद्र वर्मा ने बताया कि नोएडा में उन्हें सीपीआर दिया गया, लेकिन डॉक्टरों को कामयाबी नहीं मिली। सीएम योगी आदित्यनाथ और आगरा के सांसद राजकुमार चाहर ने शोक जताया है। 7 जुलाई 1953 को आगरा में जन्मे छोटे लाल वर्मा मल्लाह (निषाद) समाज से आते थे और उनकी अपनी विधानसभा में पिछड़ों और कमजोर वर्गों के बीच गहरी पैठ थी। वे राजनीति के साथ-साथ खेती और पेट्रोल पंप व्यवसाय से भी जुड़े हुए थे। भाजपा से बगावत की, फिर भाजपा में ही लौटे खबर अपडेट की जा रही है।