फिरोजाबाद में डिप्टी एसएस और ड्राइवर में मारपीट:वीडियो बना रहे कर्मचारी का पत्थर से सिर फोड़ा; 20 मिनट ट्रेनें रुकीं

फिरोजाबाद के न्यू टूंडला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का क्रू बदलने को लेकर डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (डिप्टी एसएस) और लोको पायलट के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस बीच एक संविदा कर्मचारी मारपीट का वीडियो बनाने लगा। तभी उस पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। मारपीट में कुल तीन लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर आरपीएफ और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इस झगड़े की वजह से दोनों ओर की रेल लाइन पर करीब 20 मिनट तक परिचालन प्रभावित रहा। घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की है। वीडियो बनाने पर किया विरोध, पत्थर से हमला डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCC) के न्यू टूंडला स्टेशन पर गुड्स ट्रेन का क्रू बदलने को लेकर विवाद हो गया। डिप्टी एसएस पवन और लोको पायलट पवन कुमार के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। स्टेशन पर तैनात बक्स पोर्टर राहुल ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। राहुल टूंडली गांव का रहने वाला है। आरोप है कि वीडियो बनाने का विरोध करते हुए लोको पायलटों ने राहुल और उसके दो साथियों पर हमला कर दिया। राहुल के सिर पर पत्थर से वार किया गया। इसमें वह घायल हो गया। उसके दोनों साथी भी चोटिल हुए। 20 मिनट तक प्रभावित रही रेल लाइन घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। झगड़े के कारण दोनों ओर की रेल लाइन पर करीब 20 मिनट तक परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही आरपीएफ और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। रात 10 बजे तक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। आरपीएफ के कंपनी कमांडर अवधेश गोस्वामी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह ने कहा कि पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————————– यह खबर भी पढ़ें- योगी ने अयोध्या से लड़ने का अखिलेश का चैलेंज स्वीकारा, कहा- चेलों से क्या लड़ना, आप भी लड़िए, हम भी लड़ते हैं योगी ने अखिलेश की अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती स्वीकार की। बलरामपुर में शनिवार को कहा- अयोध्या से आप भी लड़िए, हम भी लड़ते हैं। आप भी अयोध्या में नामांकन करिए, मैं भी करता हूं। चलिए, एक बार किस्मत आजमा लेते हैं। लड़ाई चेलों से क्यों, आमने-सामने होनी चाहिए। एक बार आमना-सामना हो ही जाए। यहां पढ़ें पूरी खबर