लखनऊ में गोमती का जलस्तर लगातार 12वें दिन भी बढ़ा है। लोग पलायन करने को मजबूर हैं। 40 हजार घरों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। माल के बेहता नाले में बहे युवक का शव SDRF टीम ने करीब 36 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया है। वहीं, पहली बार इस नवरात्रि पर चंद्रिका देवी मंदिर में भक्त दर्शन नहीं कर पाएंगे। बाढ़ के चलते मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। इस बार अमावस्या का मेला भी नहीं लगेगा। हालांकि, इस बीच हनुमत धाम मंदिर भक्तों के लिए खोल दिया गया है। महंत रामसेवक के मुताबिक, मंदिर एक दिन भी बंद नहीं हुआ। पूजा-पाठ जारी था। सुरक्षा के लिहाज से गोमती की ओर जाने वाला गेट बंद रहेगा। ट्रिपल आईटी, शौर्य वाटिका और वेटलैंड अभी भी बंद हैं। गेट पर नो एंट्री का बैनर लगा हुआ है। उधर, फैजुल्लागंज में हालात अब भी खराब हैं। नाराज लोगों ने नाव पर बैठकर ‘मेयर गायब’ के पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। गुरुवार को सीतापुर में गोमती का जलस्तर एक मीटर घटा था। इससे लखनऊ में भी अगले 2-3 दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है।