यूपी के दो शहर शुक्रवार को देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। बांदा 44.2°C तापमान के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि वाराणसी 43.0°C के साथ दूसरे नंबर पर रहा। लखनऊ में 41.3°C, बाराबंकी में 41.5°C, बहराइच में 42.2°C और सुल्तानपुर में 41.6°C तापमान दर्ज किया गया। सुबह फर्रुखाबाद में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। कानपुर देहात में भी अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। गोरखपुर में भीषण गर्मी के चलते RCC सड़क में दरारें पड़ गईं। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उससे धुआं निकल रहा था। शनिवार को यूपी के 24 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सहारनपुर, आगरा और झांसी समेत 9 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। उधर, यूपी में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। यूपी-बिहार बॉर्डर तक पहुंचने के बाद मानसून पिछले पांच दिनों से महराजगंज के पास ठहरा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 25 जून के बीच मानसून के उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में दस्तक देने की संभावना है। 5 दिन भीषण गर्मी पड़ेगी, लू चलेगी मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मौसमी गतिविधियां फिलहाल छिटपुट स्तर तक सीमित हैं। कहीं-कहीं आंधी-तूफान और हल्की बूंदाबांदी के आसार जरूर हैं, लेकिन इससे तापमान में कोई खास राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले पांच दिनों में पारा लगातार बढ़ता रहेगा। इस दौरान लू की स्थिति और गंभीर रहने की संभावना है। मानसून की एंट्री में एक हफ्ते तक का समय लग सकता है लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- अभी उत्तर प्रदेश में ऐसा कोई मौसम सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे बारिश हो। मानसून की रफ्तार भी धीमी है। फिलहाल, प्रदेश में मानसून के आने के हालात नहीं बन पाए हैं। यूपी में मानसून पहुंचने में अभी करीब एक हफ्ता और लग सकता है। यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…