बृजभूषण बोले- देवीजी लोगों ने वर्ल्ड फेमस बना दिया:मैंने खुद को कभी अपराधी नहीं माना, बेचारे पहलवान बेवजह बदनाम हो गए

पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों से यौन उत्पीड़न मामले में बरी होने के बाद मंगलवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने नोएडा में कहा- मुझे पहले उत्तर प्रदेश में लोग जानते थे, लेकिन अब इन देवी जी (महिला पहलवान) लोगों की कृपा से मैं वर्ल्ड फेमस आदमी हो गया। बृजभूषण ने कहा कि ऐसे आरोप लगने के बाद मैंने कभी खुद को अपराधी नहीं माना। कई बार बड़े उद्देश्य के लिए कुछ लोगों को बदनामी झेलनी पड़ती है। बरी होने के बाद ऐसा लग रहा जैसे कोई जंग जीतकर आया हूं। द्रोणाचार्य ने एकलव्य से अंगूठा मांगकर अपने ऊपर कलंक लिया था, लेकिन उसी से एकलव्य महान बना। भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम बनाने के लिए कैकेयी के माध्यम से घटनाएं हुईं। उसी तरह भगवान ने पहलवानों के कंधे पर बंदूक रखकर मेरे खिलाफ आरोप लगाए। इन बेचारों को झूठे बदनाम कर दिया। इनका कोई दोष नहीं था। फिर भी ये लोग कलंक के भागी हो गए। अब बृजभूषण की बड़ी बातें पढ़िए बेटी ने टोकने पर बोले- मैं आपको नहीं कह रहा भाषण के दौरान जब बृजभूषण शरण सिंह ने “इन देवी जी लोगों” का जिक्र किया तो उनकी बेटी शालिनी सिंह ने बीच में कहा कि “इतना गंदा मत कहिए।” इस पर उन्होंने जवाब दिया, “मैं आपको नहीं कह रहा हूं। बृजभूषण ने रामचरितमानस की चौपाई “सुनहु भरत भावी प्रबल…” का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में जो कुछ होता है, उसके पीछे कोई न कोई कारण जरूर होता है। अब भविष्य में भगवान ही बताएंगे कि मेरे साथ हुई घटनाओं का दूसरा कारण क्या था। कैकेयी का नाम लेकर बोले- राम मर्यादा पुरुषोत्तम ऐसे ही नहीं बने पूर्व सांसद बृजभूषण ने कहा, अगर कैकेयी ने भगवान राम को वनवास भेजने का वरदान नहीं मांगा होता तो राम मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं बनते। उन्होंने कहा कि कैकेयी ने जीवनभर अपयश सहा, लेकिन उसी निर्णय ने भगवान राम को महान बनाया। इसी तरह कुछ लोग परिस्थितियों के कारण बदनाम हो जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा, जिस दिन उनके खिलाफ आरोप तय हुए, उसी दिन से आज तक उन्होंने खुद को कभी अपराधी नहीं माना। उनके अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानून जरूरी हैं, लेकिन उनका दुरुपयोग भी अधिक हो रहा है। कलराज मिश्र बोले- बृजभूषण का नेतृत्व समाज को प्रेरित करता रहेगा पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा, बृजभूषण शरण सिंह और उनके परिवार में भरपूर प्रतिभा है। मैं चाहता हूं कि बृजभूषण और उनका परिवार अपने व्यवहार, कर्तव्य और आचरण के बल पर आगे बढ़ता रहे। बृजभूषण शरण सिंह भविष्य में भी लोगों का नेतृत्व करते हुए समाज को प्रेरित करने का काम करते रहें। साथ ही उन्होंने हालिया फैसले पर उन्हें बधाई भी दी। दरअसल, बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह ने नोएडा स्थित आवास पर स्वागत समारोह आयोजित किया था। जिसमें पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र समेत परिवार के सदस्य मौजूद थे। ……………………………………………………… यह खबर भी पढ़ें- मां-बाप के सामने मासूम को उठा ले गया तेंदुआ:बिजनौर में खेत से लौट रहा था 8 साल का रवि, लाश देखकर मां रोते-रोते बेहोश बिजनौर में 8 साल के लड़के को तेंदुए ने मार डाला। तेंदुआ उसे मां-बाप के सामने से जबड़े में दबोचकर उठा ले गया। मां-बाप चीखते-चिल्लाते हुए पीछे दौड़े, लेकिन कुछ ही सेकेंड में तेंदुआ झाड़ियों में घुस गया। गांववालों ने लाठी और टॉर्च लेकर जंगल और खेतों में तलाश शुरू की। यहां पढ़ें पूरी खबर