योगी सरकार ने रविवार रात 10 सीनियर IAS अफसरों के ट्रांसफर कर दिए। इनमें 7 विभागों के प्रमुख और तीन के अपर मुख्य सचिव शामिल हैं। मंत्रियों की नाराजगी के बाद पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार और उर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव आशीष गोयल को हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद के करीबी और उनके बैचमेट अमृत अभिजात को फिर ताकत मिली है। उन्हें अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के साथ परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव का चार्ज भी दिया गया है। कहां किसे मिली नई तैनाती, ट्रांसफर लिस्ट देखिए अब जानिए क्यों हटाए गए अफसर स्कूटी वितरण में लेटलतीफी से हटे महेंद्र कुमार अग्रवाल स्कूटी वितरण में लेटलतीफी और विभागीय कामकाज में हीलाहवाली के चलते उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव महेंद्र कुमार अग्रवाल से उनके मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की नहीं बन रही थी। मुख्यमंत्री भी ज्यादा खुश नहीं थे। इसलिए महेंद्र कुमार अग्रवाल को उच्च शिक्षा विभाग से हटाकर वन एवं पर्यावरण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। मंत्री राजभर की नाराजगी पड़ी भारी पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव IAS अनिल कुमार का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद बनाया गया है। साथ ही उन्हें उपभोक्ता मामले आयुक्त, खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी भी दी गई है। अनिल कुमार और पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बीच पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना को लेकर मतभेद चल रहे थे। राजभर ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शिकायत भी की थी। मंत्री ने डिजिटल लाइब्रेरी योजना में भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए थे। विवाद खास तौर पर योजना के दूसरे चरण के टेंडर और कामकाज को लेकर था। डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर, स्मार्ट टीवी, किताबें और डिजिटल पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराने की योजना है। रिटायरमेंट से साढ़े 3 महीने पहले ट्रांसफर: चिकित्सा एवं स्वास्थ विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित घोष का रिटायरमेंट से साढ़े तीन महीने पहले फिर तबादला हुआ है। उन्हें उच्च शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वी. हैकाली झिमोमी को बड़ी जिम्मेदारी: वन एवं पर्यावरण विभाग की प्रमुख सचिव वी. हैकाली झिमोमी को चिकित्सा एवं स्वास्थ विभाग का प्रमुख सचिव बनाया है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव एमकेएस सुंदरम की मुख्य धारा में वापसी हुई है। उन्हें कृषि विभाग का प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। रणवीर प्रसाद को मिला अच्छे काम का इनाम: कृषि विभाग के प्रमुख सचिव रविंद्र कुमार को पंचायती राज विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। खाद एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद का ट्रांसफर ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव के साथ यूपी पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष पद पर किया है। खाद्य रसद विभाग में उनके कामकाज से मुख्यमंत्री प्रसन्न थे। वहीं, स्टांप पंजीयन विभाग के प्रमुख सचिव अमित गुप्ता को प्राविधिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव का चार्ज भी दिया गया है। खबर अपडेट की जा रही है…