यूपी के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह ने सगाई कर ली है। पहले संदीप सिंह (35) ने अपनी मंगेतर मेघना चौधरी को रिंग पहनाई। इसके बाद सौरभ सिंह (30) ने अंतरा त्यागी को अंगूठी पहनाई। इस बीच आतिशबाजी भी हुई। शाम को सूफी गायक कैलाश खेर ने तेरी दीवानी गाना गाकर समां बांधा। इसके अलावा बाहुबली फिल्म का गाना जय-जयकारा भी गाया। इससे पहले दोनों जोड़ों को आशीर्वाद देने सीएम योगी भी पहुंचे। योगी ने मंच पर जय श्रीराम, के जयकारे लगवाए। संदीप सिंह को ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) का बैग गिफ्ट किया। रिंग सेरेमनी के लिए संदीप सिंह ब्लैक शेरवानी पहनकर पहुंचे, जबकि मेघना शैम्पेन गोल्ड रंग के शाही लहंगे में दिखीं। दोनों ने राधाकृष्ण के भक्ति गीत पर एंट्री ली। फैमिली फोटो के लिए दादी को गोद में उठाकर स्टेज पर लाया गया।