भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को लखनऊ पहुंचे। रात में उन्होंने ताज होटल में सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राम मंदिर में जो हुआ, वह गलत हुआ है। इससे जनता में गलत संदेश गया है। यह विपरीत परिस्थिति है। विपक्ष को मुद्दा मिल गया है। विधायक, सांसद और मंत्रियों को इस पचड़े में नहीं पड़ना है। प्रदेश सरकार कार्रवाई कर रही है। दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा। इससे पहले नितिन नवीन ने शाम को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को किसी भी स्थिति में 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव जीतने का लक्ष्य दिया। कहा- 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। बड़े-बड़े जुलूस से कुछ नहीं होगा। चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच जाकर बात करनी होगी। उनकी समस्याओं का समाधान कराएंगे, तो जनता का दिल जीत लेंगे। राजनीति में जनता का दिल जीतना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहा है, टीम भावना से चुनाव के लिए काम करना है। आपस में लड़ने की जगह विपक्षी दलों से लड़ना है। अपनी ताकत को विपक्षी पर आजमाएं। वहीं, दोपहर में नितिन नवीन ने लखनऊ में रोड शो किया। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक 18 किलोमीटर लंबा यह रोड शो सुबह 11:20 बजे शुरू हुआ और दोपहर 1:55 बजे समाप्त हुआ। एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ विशेष रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने समर्थकों का अभिवादन करते हुए तलवार भी लहराई। बड़ी संख्या में बुर्का पहने मुस्लिम महिलाएं और टोपी पहने मुस्लिम पुरुष भी रोड शो में शामिल हुए। वहीं, पादरियों और ननों ने भी उनका स्वागत किया। भाजपा ओबीसी मोर्चा ने उन्हें क्रेन की मदद से 25 फीट की विशालकाय माला पहनाई। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और रोड शो की तस्वीरें देखिए… पढ़िए नितिन नवीन की कही 4 बड़ी बातें 1. राम मंदिर मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा होटल ताज में आयोजित भाजपा के सांसदों, विधायकों और मंत्रियों की बैठक में नितिन नवीन ने कहा कि राम मंदिर में जो हुआ, वह गलत हुआ है। इससे जनता में गलत संदेश गया है। यह विपरीत परिस्थिति है। विपक्ष को मुद्दा मिल गया है। विधायकों, सांसदों और मंत्रियों को इस पचड़े में नहीं पड़ना है। प्रदेश सरकार कार्रवाई कर रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। 2. सांसदों-विधायकों के ईगो से पार्टी को नुकसान विधानसभा चुनाव में 9 महीने का समय बचा है। सांसदों और विधायकों के टकराव और ईगो से पार्टी को नुकसान होता है। विधायकों और सांसदों ने जिले-जिले में गुट बना रखे हैं, मनमुटाव छोड़कर समन्वय से काम करें। विधानसभा चुनाव में सांसद और विधायकों की 50-50 फीसदी जिम्मेदारी होगी। 3. यूजीसी मुद्दे पर कहा- कार्यकर्ता जातियों में बंट गए यूजीसी के नए नियम आने पर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य और कायस्थ बन गए। सबसे मुखर विरोध हमारे ही कार्यकर्ताओं ने किया। विधायक और सांसद खुद को जाति या धर्म से जोड़कर न देखकर, स्वयं को पहले कार्यकर्ता मानें। यूजीसी में कुछ गलतियां हुई हैं, उसमें सुधार किया जा रहा है। 4. दिल्ली-लखनऊ छोड़िए, कार्यकर्ताओं के साथ रहिए विधानसभा चुनाव में 8-9 महीने का समय बचा है। दिल्ली-लखनऊ छोड़िए, कार्यकर्ताओं के साथ रहिए। कार्यकर्ता को लगना चाहिए कि सरकार अपनी है, विधायक और सांसद अपने हैं। विधायक गांवों में प्रवास करें, जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराएं। एयरपोर्ट पर सीएम योगी ने वेलकम किया नितिन नवीन शनिवार सुबह 11 बजे लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान सहित राज्य सरकार के मंत्रियों और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए राजधानी में एक लाख से अधिक पोस्टर-बैनर लगाए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नवीन का पहला लखनऊ दौरा है। वह करीब 36 घंटे लखनऊ में रहेंगे। इस दौरान सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक के अलावा आरएसएस पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। इससे पहले वह 25 जनवरी 2026 को मथुरा गए थे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बांके बिहारी जी के दर्शन किए थे। नितिन नवीन के दौरे से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए….