महिला भाजपा नेता ने चौकी में युवक को जड़ा थप्पड़:सुल्तानपुर में दरोगा देखते रहे, बोलीं- देखना कहां भिजवाती हूं, औकात भूल जाओगे

सुल्तानपुर में महिला भाजपा नेता ने पुलिस चौकी के अंदर एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। उससे कहने लगीं- तुम देखते जाओ, तुमको मैं कहां भिजवाती हूं। ऐसा सबक सिखाऊंगी कि अपनी औकात भूल जाओगे। पूरी घटना दरोगा के सामने हुई। थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने गुरुवार सुबह साढ़े 12 बजे भाजपा नेता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामला शाहगंज चौकी का 8 जुलाई की सुबह 10:30 बजे का है। 2 तस्वीरें देखिए अब पढ़िए पूरा मामला पल्टू का पुरवा (आदर्श नगर, घोसियाना) के रहने वाले अरुण कुमार कोरी ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। अरुण ने बताया कि वह पिछले कई साल से मुरारी दास गली स्थित सहारा ट्रेडिंग कंपनी के मालिक हर्षित बरनवाल के यहां नौकरी कर रहे हैं। 8 जुलाई को अरुण अपने ऑफिस के काम से शाहगंज चौराहे के पास पहुंचे। तभी बाइक सवार भाजपा महिला की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन और उनका बेटा रौनक वहां पहुंचे। दोनों ने अरुण को देखते ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां देनी शुरू कर दीं। कहने लगीं- हर्षित के यहां नौकरी करना छोड़ दो अरुण का आरोप है कि मां-बेटे ने उन पर दबाव बनाते हुए कहा कि तुम्हारी जाति वालों का दिमाग खराब हो गया है। तुम्हें कितनी बार कहा है कि हर्षित बेनीवाल के यहां नौकरी करना छोड़ दो। लेकिन, तुम लोग मानते नहीं हो। जब अरुण ने इसका विरोध किया, तो रौनक और पूजा कसौधन ने बीच चौराहे पर ही उनके साथ मारपीट की। जान बचाने के लिए चौकी में घुसा, तो वहां भी पीटा अरुण के मुताबिक, अपनी जान बचाने के लिए अरुण भागकर पास ही स्थित शाहगंज पुलिस चौकी के परिसर में घुस गए। इसके बाद पूजा कसौधन भी अपने बेटे के साथ चौकी के अंदर आ गईं। सामने आए वीडियो में भी दिख रहा है कि पूजा कसौधन चौकी प्रभारी अविनाश चंद्र के सामने ही अरुण को अपशब्द कहने लगीं। कहने लगीं- मैं लगातार देख रही हूं, ये मेरा पीछा कर रहा है। कान में मोबाइल लगाकर पीछे-पीछे आ रहा है। इस बीच दरोगा और पूजा कसौधन का बेटा रौनक बातचीत करने लगे। तभी पूजा कसौधन अपनी कुर्सी से उठकर अरुण के पास गईं। उससे मोबाइल मांगा। तभी अरुण ने कहा कि मैं इस मामले में दरोगा से बात कर रहा हूं। ये सुनते ही पूजा ने अरुण को थप्पड़ जड़ दिया। जाते-जाते धमकाया, बोलीं- मारे जाओगे अरुण का आरोप है कि जाते-जाते पूजा कसौधन ने धमकी देते हुए कहा- समय रहते सुधर जाओ, नहीं तो शासन-प्रशासन मेरा है। तुम मारे जाओगे और कोई पूछने वाला भी नहीं मिलेगा। इसके बाद जब पूजा कसौधन वहां से चली गईं, तब अरुण कुमार ने कोतवाली नगर में शिकायत देकर केस दर्ज करने की गुहार लगाई। आज भाजपा नेता पूजा कसौधन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 10 साल से भाजपा से जुड़ी हैं पूजा कसौधन पूजा कसौधन का शाहगंज चौराहे के पास घर है। घर के पास ही पुलिस चौकी है। चौकी के पास उनके उनके पति संदीप गुप्ता की किराने की बड़ी दुकान है। वे जिले के बड़े किराना व्यापारियों में गिने जाते हैं। पूजा कसौधन करीब 10 साल से भाजपा से जुड़ी हैं। उन्होंने पिछले नगर पालिका चुनाव में चेयरमैन के टिकट की दावेदारी थी, लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया। फिलहाल वह पार्टी में जिला कोषाध्यक्ष के तौर पर जुड़ी हैं। सीओ सिटी राघवेन्द्र सिंह ने बताया- महिला नेत्री और अरुण का जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। अरुण की शिकायत पर महिला नेता पर केस दर्ज किया गया है। चौकी इंचार्ज के सामने ये वारदात हुई है, इसे लेकर विभागीय जांच करा रहे हैं। जांच के बाद दरोगा पर भी कार्रवाई करेंगे। —————————— यह खबर भी पढ़ें ‘नो बॉल’ नहीं कहने पर बैट से पीट-पीटकर मार डाला, भदोही में 12 साल के बच्चे की क्रिकेट मैदान में हत्या भदोही में क्रिकेट मैच के दौरान 12 वर्षीय किशोर की बुधवार शाम करीब 5 बजे क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने एक विवादित गेंद को ‘नो बॉल’ कहने से इनकार कर दिया। पूरी खबर पढ़ें