गोरखपुर में शनिवार को जलभराव का निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त अजय जैन और मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव को व्यापारियों ने घेर लिया। कहा- मेयर साहब, ये स्पेन है। आप गाड़ी से नीचे पानी में उतरिए, तभी समस्या समझ में आएगी। पूरा नाला जाम है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं। उन्होंने कहा- जब आप चुनाव लड़ रहे थे, तब इसी पानी में उतरकर वोट मांगने आए थे। 3 साल बीत गए, लेकिन बारिश होते ही पानी भर जाता है। समस्या का हल नहीं हो सका। मेयर ने कार में बैठे-बैठे व्यापारियों की बातें सुनीं और कहा- आपकी समस्या का समाधान होगा। इसके बाद वह लौट गए। इसका वीडियो भी सामने आया है। अब पढ़िए वीडियो में क्या दिखा? शनिवार को गोरखपुर में जोरदार बारिश हुई। सड़कों पर पानी भर गया। इसके बाद देर शाम मेयर और नगर आयुक्त एक ही गाड़ी में बैठकर जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे। जैसे ही वे साहबगंज किराना मंडी पहुंचे, वहां पानी भरने से नाराज व्यापारियों ने उनकी गाड़ी रोक ली। नारेबाजी करने लगे। 2:13 मिनट के वीडियो में दिख रहा है कि व्यापारियों ने उनकी कार को चारों तरफ से घेरकर रोक रखा है। व्यापारी कह रहे हैं- अधिकारी सालों-साल रहते हैं, लेकिन आज तक कोई समस्या पूछने नहीं आया। चुनाव के बाद मेयर पहली बार यहां नजर आए हैं। काम सिर्फ कागजों में हो रहा है। बारिश के कारण साहबगंज किराना मंडी में पानी भरने से व्यापारियों का लाखों रुपए का सामान खराब हो जाता है। नुकसान की भरपाई भी अपनी जेब से करनी पड़ती है। इसके बाद मेयर के ड्राइवर ने कहा- बारिश के बाद साहब किराना मंडी का काम करवा देंगे। इस पर व्यापारियों ने कहा कि आज आएंगे, इसके बाद कभी नहीं आएंगे। सरकार कभी 1 रुपया नहीं छोड़ती, लेकिन व्यापारियों का खून चूसती है। बरसात से पहले मेयर को यहां आना चाहिए था। मेयर बोले- पंप लगाकर पानी निकलवाया गया मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा- नगर आयुक्त को व्यापारियों से बातचीत कर समस्या का हल निकालने के लिए कहा गया है। इस बारे में सीएम योगी को जानकारी दी जाएगी। जहां तक संभव हुआ, पंप चलवाकर पानी निकलवाया गया। इसमें लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। अब पढ़िए व्यापारियों ने क्या कहा… व्यापार मंडल के महामंत्री बोले- ‘नया नाला बनने के बाद भी पानी भर रहा’ व्यापार मंडल के महामंत्री मनीष गुप्ता ने कहा- नया नाला बनने के बाद भी बारिश में पानी नहीं निकल पा रहा है। जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। कभी नाला पुराना होने तो कभी सफाई ठीक से न होने की बात कही जाती है। बारिश में समस्या सामने आने पर कुछ समय के लिए सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था कर दी जाती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। किराना कमेटी के अध्यक्ष बोले- 10 करोड़ का हुआ नुकसान किराना कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और संरक्षक उमेश चंद मद्धेशिया ने कहा- जलभराव को लेकर व्यापारियों में काफी नाराजगी थी। जैसे ही मेयर की गाड़ी मंडी में पहुंची, तो गुस्सा और बढ़ गया। व्यापारी अपना नुकसान दिखाने के लिए अधिकारियों से पानी में उतरने को कह रहे थे, लेकिन वे गाड़ी में ही बैठे रहे। पूरे साहबगंज मंडी में जलभराव के कारण 10 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। —————- ये भी पढ़ें- रवि किशन ने भाजपा पार्षद से पूछा-सपा जॉइन कर लिया?: गोरखपुर में जलभराव की शिकायत पर भड़के; दोबारा फोन नहीं उठाया गोरखपुर के सांसद और बॉलीवुड एक्टर रवि किशन शनिवार को भाजपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी पर भड़क गए। जलभराव की शिकायत को लेकर दोनों के बीच फोन पर जमकर बहस हुई। रवि किशन ने पार्षद पर सपा नेता बनने का आरोप लगा दिया। रवि किशन ने कहा- जलभराव खत्म करने के लिए सब मशीन चालू बा। सपा जॉइन कर लिए क्या? पढ़िए पूरी खबर…