मुज़फ्फरनगर में रॉकी हत्याकांड का मास्टरमाइंड मुठभेड़ में गिरफ्तार, बोला- गंगनहर में फेंका था सिर, मां रेणु फरार मुज़फ्फरनगर में बुधवार रात में असदनगर जंगल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक रॉकी हत्याकांड का मुख्य आरोपी बादल तोमर पुलिस टीम को देखकर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के समय बादल के साथ उसकी मां रेणु भी मौजूद थी। पुलिस ने दोनों को घेरने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर रेणु मौके से फरार हो गई। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने बादल के पास से हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। इनमें काली स्कॉर्पियो और मृतक विकसित उर्फ रॉकी के दस्तावेज शामिल हैं। मामला सिखेड़ा थाना क्षेत्र का है।
पीएम मोदी से मिले केशव मौर्य, प्रदेश कार्यकारिणी और विधानसभा चुनाव-2027 पर चर्चा के कयास डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। इसे सौजन्य मुलाकात बताया जा रहा है, लेकिन यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल गर्म होने और प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की सूची के जल्द आने की वजह से मुलाकात को अहम माना जा रहा है। केशव प्रसाद मौर्य ने मुलाकात की जानकारी खुद एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर दी। उन्होंने लिखा- विकसित भारत के लक्ष्य को गति देने वाले और दुनिया को भगवान बुद्ध का शांति का पैगाम देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। मौर्य ने इस दौरान पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की हालिया ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं भी दीं। मौर्य ने आगे लिखा- पीएम के कुशल नेतृत्व में देश लगातार विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए प्रतिमान गढ़ रहा है। आपका सान्निध्य हमेशा ही जनहित और राष्ट्रहित के कार्यों को और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता रहा है। यह पूंजी ही हमारी असली ताकत है। अपना बहुमूल्य समय देकर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए हृदय से आभार प्रधानमंत्री जी। यूपी में 2017 की जीत के सूत्रधार केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के वरिष्ठ नेता और ओबीसी चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। वे यूपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके अध्यक्ष काल में ही 2017 में भाजपा ने यूपी में प्रचंड बहुमत हासिल किया था। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और प्रदेश कार्यकारिणी में पदों के बंटवारे को लेकर यह मुलाकात काफी महत्वपूर्ण है। कानपुर देहात में पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया ने कहा- राजभर अखिलेश की गुलामी करते थे कानपुर देहात में पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया ने यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजभर हल्के कद के नेता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजभर पहले अखिलेश यादव के यहां गुलामी करते थे। पिछले चुनाव में हाथ-पांव जोड़कर टिकट ले गए। टिकटों को 50 लाख रुपए में बेच दिया और फिर सभी सीटें हार गए। उन्होंने कहा कि बाद में अखिलेश यादव ने एक बैठक में स्वीकार किया था कि उनसे ‘बहुत बड़ी गलती’ हुई थी। बेरिया ने बताया उस बैठक में वो लोग भी मौजूद थे, जिन्होंने टिकट खरीदा था। उन्होंने कहा- अब बताइए इतने हल्के कद का नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के बारे में क्या बात करेगा। बेरिया बोले ओम प्रकाश राजभर का काम सिर्फ पार्टी बदल कर टिकट लेना और बेच देना है। पढ़ें पूरी खबर…
लखीमपुर में अधिकारियों पर भड़के MP आनंद भदौरिया, बोले- हम पाकिस्तान के सांसद नहीं, भारत के सांसद हैं लखीमपुर-खीरी में दिशा समिति (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक के दौरान धौरहरा से सपा सांसद आनंद भदौरिया और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को न दिए जाने पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को प्रोटोकॉल और जनप्रतिनिधियों के सम्मान का पाठ पढ़ाया। बैठक के दौरान सांसद आनंद भदौरिया ने अधिकारियों से कहा– सांसद किसी पार्टी का नहीं होता, देश का होता है। हम पाकिस्तान के सांसद नहीं हैं, भारत के सांसद हैं। उन्होंने सरकारी कार्यक्रमों में सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित न किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। दिशा समिति की बैठक जिले में चल रही केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं की समीक्षा के लिए आयोजित की गई थी। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दे उठाए। बैठक में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। हालांकि बैठक में सत्तारूढ़ भाजपा का कोई विधायक शामिल नहीं हुआ। पढ़ें पूरी खबर… गाजियाबाद में आबकारी सिपाही रिश्वत लेते हुए अरेस्ट, एंटी करप्शन टीम ने 50 मीटर दौड़ाकर पकड़ा गाजियाबाद में एंटी करप्शन टीम ने आबकारी विभाग के एक सिपाही को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने करीब 50 मीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि सिपाही एक देसी शराब ठेकेदार से हर महीने रिश्वत की मांग कर रहा था। रुपए न देने पर चालान काटने और ठेका बंद कराने की धमकी देता था। पहले आबकारी विभाग से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने 10 दिन पहले मेरठ की एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम गठित की गई। बुधवार को मोदीनगर तहसील परिसर स्थित आबकारी कार्यालय के पास रिश्वत लेते समय सिपाही को रंगे हाथ पकड़ा। पूरी खबर पढ़िए रामपुर से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के 3 फॉलोवर ATS रडार पर, मुरादाबाद बुलाकर पूछताछ, मोबाइल जब्त पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी को फॉलो करने वाले एक युवक और दो नाबालिगों को ATS ने रडार पर ले लिया है। ATS ने लंबी पूछताछ के बाद उनके मोबाइल जब्त कर लिए हैं। तीनों के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले जा रहे हैं। युवक ने 15 दिन पहले पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के इंस्टाग्राम पर एक भड़काऊ पोस्ट पर कमेंट किया था। उसके दो नाबालिग दोस्तों ने लाइक किया था। इसी मामले को लेकर ATS ने मुरादाबाद में दोनों नाबालिगों को बुलाकर लंबी पूछताछ की। पूरी खबर पढ़िए… सिद्धार्थनगर में निर्माणाधीन मछली मंडी का शटरिंग गिरा, एक मजदूर की मौत; 2 घायल सिद्धार्थनगर में निर्माणाधीन मछली मंडी का शटरिंग गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। बुधवार दोपहर मुख्य गेट का निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई। इस दौरान सभी मिट्टी के नीचे दब गए। जिसके बाद राहगीरों ने तुरंत 5 लोगों को निकालकर सीएचसी भेज दिया।
एक मजदूर का काफी देर तक पता नहीं चला। जिसके बाद प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटवाया। घंटों चले रेस्क्यू अभियान के दौरान मुश्ताक का शव मलबे के अंदर से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामला ढेबरूवा थाना क्षेत्र का है। पढ़िए पूरा मामला बरेली में साध्वी प्राची बोलीं- ‘मुल्लों को पालना बंद करो हिंदुओं, वरना कुर्बान हो जाओगे’ विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची बुधवार को बरेली के सर्किट हाउस पहुंचीं। उन्होंने सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र करते हुए हिंदुओं को सतर्क रहने के लिए कहा। साध्वी प्राची ने कहा कि तुम कुत्ता पालो, बिल्ली पालो, तोता-मैना पालो, लेकिन इन मुल्लों को कभी मत पालो। अपने घर में बच्चों का दोस्त मत बनने दो। वहीं, मथुरा में एक आरोपी बाबा की गिरफ्तारी का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जरूरी है। समाज में सुरक्षा और सतर्कता बहुत जरूरी है और लोगों को अपने स्तर पर भी जागरूक रहना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर… अयोध्या में सियालदह एक्सप्रेस की बोगी पर चढ़ा युवक, हाईंटेंशन तारों के बीच 20 मिनट किया ड्रामा अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर एक युवक सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन की बोगी के ऊपर चढ़ गया। युवक को बचाने के लिए कुछ ट्रेन के ऊपर चढ़े। जीआरपी और आरपीएफ की मदद से युवक को नीचे उतारा गया। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक खड़ी रही। जानकारी के अनुसार, रामघाट थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक ट्रेन से ही 7 बजकर 15 मिनट पर अयोध्या आया था। इसके बाद वह गाड़ी से उतरकर बोगी के ऊपर चढ़ गया। हाईटेंशन तारों के बीच वह बोगी पर दौड़ता रहा। जीआरोपी ने लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा। पढ़ें पूरी खबर… सीतापुर पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या की साजिश नाकाम: कस्टडी से भागा आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, सीओ बोले- सांसद की हत्या करने पहुंचा था सीतापुर में पूर्व भाजपा सांसद और वर्तमान में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की हत्या की कथित साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जो पुरानी जमीनी रंजिश में हथियार लेकर पूर्व सांसद के आवास के बाहर पहुंचा था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। सीओ लहरपुर अभिषेक कुमार ने बताया– आरोपी शादाब को 2 जून की शाम पूर्व सांसद राजेश वर्मा के घर के बाहर लोडेड तमंचा के साथ गिरफ्तार किया गया था। पर वह पुलिस को चकमा देकर कस्टडी से फरार हो गया था। मंगलवार देर रात पुलिस ने उसे मुठभेड़ में उसे दबोच लिया। पढ़ें पूरी खबर प्रयागराज में बालू व्यवसायी की पत्थर से सिर कूचकर हत्या, गांव से 100 मीटर दूर मिली लाश प्रयागराज में गांव से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान भीटा गांव के रहने वाले राजेश प्रजापति (32) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब सुबह करीब 5 बजे कुछ ग्रामीण टहलने निकले थे और उन्होंने सड़क किनारे शव देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और घूरपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना घूरपुर थाना क्षेत्र के भीटा गांव में बुधवार सुबह हुई। पढ़ें पूरी खबर…. कानपुर में वीआईपी रोड पर लग्जरी कार ने बाइक सवार को उड़ाया, युवक के हाथ, पैर और पसलियां टूटीं कानपुर में वीआईपी रोड पर मंगलवार देर रात ‘भारत सरकार’ लिखी लग्जरी इनोवा कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार सवार मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ग्रीनपार्क की ओर से आ रही थी और परमट पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के सभी एयरबैग खुल गए और बाइक सवार उछलकर कार के शीशे पर जा गिरा। डॉक्टरों के अनुसार उसके हाथ, पैर और पसलियों में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है। पढ़ें पूरी खबर…