यूपी के 30 जिलों में आज बारिश का अलर्ट:10 से ज्यादा नदियां उफान पर, डैम ओवरफ्लो; योगी बोले- अफसर फील्ड में उतरें

यूपी में 15 दिनों से लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। आज शनिवार को 30 जिलों में बारिश का अलर्ट है। गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। CM योगी ने अफसरों को फील्ड में उतरने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा- अफसर बारिश, बाढ़ और बिजली गिरने से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें। गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। 24 घंटे में 52 शहरों में औसतन 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। शुक्रवार की बात करें तो 4 नदियां खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गईं। सोनभद्र में कनहर बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद उसके 3 गेट खोल दिए गए हैं। सीतापुर में बनबसा, गिरिजा और घाघरा बैराजों से 3.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद शारदा और घाघरा नदियां उफान पर हैं। दोनों का पानी गांवों में घुस गया है। एक गांव में कच्ची रोड के ऊपर पानी बह रहा है। ग्रामीण नाव से आ-जा रहे हैं। बागपत और नोएडा में हिंडन, बदायूं में गंगा, अयोध्या, गोंडा और बलिया में घाघरा, जबकि कुशीनगर में गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। लखीमपुर खीरी के एक गांव में मगरमच्छ सड़क पर दौड़ता नजर आया। बस्ती में सरयू नदी के किनारे तेजी से कटान हो रहा है। कई पेड़ नदी में समा गए। कल की 3 तस्वीरें देखिए- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून रेखा का दक्षिण की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने से अगले 3 दिन बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। मानसूनी सक्रियता फिलहाल पश्चिम-मध्य भारत की तरफ शिफ्ट हो गई है। 3-4 दिन बाद हालात बदलेंगे। 26 और 27 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। अच्छी बारिश होगी। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…