यूपी में ‘अर्नब’ तूफान के असर से तीसरे दिन भी मौसम बदला हुआ है। शनिवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश और ठंडी हवाओं से सर्दी का एहसास हो रहा है। लखनऊ में गुरुवार शाम को शुरू हुई बारिश शनिवार को भी जारी है। 48 घंटे से लगातार रिमझिम बारिश से ठिठुरन बढ़ गई। सड़कों पर सन्नाटे जैसा माहौल है। पारा 7.6°C तक लुढ़क गया है। गोंडा में बारिश के चलते स्कूल बंद करने पड़े हैं। इधर, सुबह सहारनपुर, शामली, संभल, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और देवरिया समेत 10 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई है। सड़कों पर कुछ भी देखना मुश्किल हो गया है। दिन में भी धूप नहीं निकली। वाराणसी में बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. रवि शंकर सिंह ने बताया कि पूर्वी यूपी के 23 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। कल से मौसम सुधरने लगेगा। तेज धूप खिलेगी। बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है। किसान सतर्क रहें।