यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार सुबह मथुरा, गाजियाबाद, जालौन, हाथरस समेत 10 शहरों में बारिश हो रही है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बादल छाए हैं। हल्की हवा चलने से उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मंगलवार की बात करें तो सुबह से लखनऊ, प्रयागराज समेत 50 शहरों में बारिश हुई। मथुरा में 6 घंटे तक बारिश हुई, जिससे नाले ओवरफ्लो हो गए। इसमें एक डिलीवरी बॉय बाइक समेत बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे खींचकर निकाला। शामली में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर नदियों जैसा बहाव दिखा। कारें और बाइकें बहने लगीं। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा सोनभद्र में 31 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 10.5 मिमी से 195 प्रतिशत ज्यादा है। 1 जून से अब तक प्रदेश में 45 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम की तस्वीरें देखिए- वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी से बना बारिश का सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है। इसका असर यूपी में भी पड़ रहा है। इसलिए प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। यूपी में मौसम के पल-पल अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….