यूपी में 26 अप्रैल से 5 दिन बारिश का अलर्ट:44.4°C के साथ बांदा सबसे गर्म, गोरखपुर में हाथी बार-बार नहाता दिखा

यूपी में भीषण गर्मी हो रही है। शुक्रवार को करीब 40 जिलों में लू यानी गर्म पछुआ हवाएं चलीं। सीजन में पहली बार 17 जिलों में वार्म नाइट का अलर्ट है। यानी रातें भी गर्मी होंगी। कानपुर में चलती बाइक पर बैठे 45 साल के सुनील कुमार की मौत हो गई। परिवार का कहना है कि तेज धूप की वजह से हीट स्ट्रोक हुआ और जान चली गई। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत की सही वजह साफ होगी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम करने पर रोक लगा दी गई है। गोरखपुर चिड़ियाघर में हाथी अपनी सूंड से खुद पर पानी डालता नजर आया। लखनऊ जू में जानवरों के लिए बर्फ की सिल्ली, कूलर और स्प्रिंकलर (फव्वारे) के इंतजाम किए गए हैं। कानपुर में बाघ को ORS का घोल दिया जा रहा है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के 30 जिलों का पारा 40°C या इससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। बांदा सबसे गर्म रहा। यहां पारा 44.4°C पहुंच गया। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 25 अप्रैल को प्रदेश के 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। यानी भीषण गर्मी पड़ेगी। दिन में पारा 45°C के पार पहुंचेगा। 26 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होगी। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- 26 अप्रैल से एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश भर में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी। शुरुआत में पश्चिमी यूपी और तराई वाले इलाकों में बूंदाबांदी से पारे में गिरावट आएगी। इसके बाद पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। पारे में 2-3°C की गिरावट आ सकती है। 30 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम की 4 तस्वीरें… 25 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम? मौसम के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-