यूपी में 7.57 करोड़ की नकली दवाएं सीज:30 से ज्यादा ब्रांड की दवाएं मिलीं, 45 फर्में नामजद; तीन राज्यों में फैला था नेटवर्क

यूपी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने 7.57 करोड़ रुपए की नकली दवाएं सीज की हैं। FSDA नकली और काउंटरफिट दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चल रहा है। इसी अभियान के तहत कार्रवाई की गई है। इस मामले में 24 FIR दर्ज कराई गई हैं। इनमें 45 फर्मों और 90 लोगों को नामजद किया गया है। जांच में सामने आया है कि नामी दवा कंपनियों के चर्चित ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल कर नकली दवाएं बाजार में बेची जा रही थीं। यह नेटवर्क यूपी के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ था। एक ही नाम से आठ दवा फर्म खुले थे अमरोहा और मुरादाबाद में एक ही नाम और पार्टनरशिप के तहत आठ दवा फर्मों के लाइसेंस लेकर फर्जी बिलिंग का खेल चल रहा था। इन फर्मों के जरिए दवाओं का भंडारण और अवैध वितरण किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभाग अब नकली दवाओं के मुख्य निर्माण स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश कर रहा है। एक दवा के सैंपल से नेटवर्क का पता चला अमरोहा के चौधरपुर स्थित आरबी मेडिकल स्टोर से 12 जून 2026 को मोक्सीफीट-सीवी 625 टैबलेट का सैंपल लिया गया था। इस दवा को जांच के लिए राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा गया। जांच में दवा नकली पाई गई। इसके बाद वास्तविक निर्माता पोलिस्टर पावर इंडस्ट्रीज और मार्केटर हेल्थप्राइड से भी बैच की पुष्टि कराई गई। दोनों कंपनियों ने इसे नकली बताया। इसके बाद FSDA ने दवा की सप्लाई चेन की जांच शुरू की। पड़ताल में मुरादाबाद की जेड आर मेडिकल के जरिए अमरोहा और मुरादाबाद की एरिबा फार्मास्युटिकल्स तक नेटवर्क के तार पहुंचे। जांच में पता चला कि एक ही नाम और पार्टनरशिप के तहत आठ अलग-अलग दवा फर्मों के लाइसेंस लिए गए थे। इनका इस्तेमाल वास्तविक खुदरा बिक्री के बजाय फर्जी बिलिंग, नकली दवाओं के भंडारण और वितरण में किया जा रहा था। फर्जी बिलिंग से चला रहे थे कारोबार मुख्यालय के निर्देश पर किए गए औचक निरीक्षण में एरिबा फार्मास्युटिकल्स के पार्टनर अमित कुमार ने आसिफ से नकली दवा लेकर उसके वितरण करने का पता चला। इस मामले में औषधि निरीक्षक की तहरीर पर मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाने में अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। पुलिस ने रविंदर, शिवम और आसिफ को गिरफ्तार किया है। विभाग ने अवैध कारोबार में शामिल फर्मों के दवा लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की है। इन ब्रांड की नकली दवाएं बन रही थी इनमें ग्लेनमार्क की टेल्मा, एबॉट की केनोकॉर्ट इंजेक्शन, एरिस्टो फार्मा की पैनटॉप-40, एल्केम की क्लैवम और पैन डी, ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन की ऑगमेंटिन-625, मैनकाइंड की गुडसेफ, टोरेंट की शायमोरल फोर्ट, मैक्लियोड्स की डेफकोर्ट-6 और डॉ. रेड्डीज की राजो-डी शामिल हैं। इसके अलावा सन फार्मा की रोसुवास, इंटास की लेवेरा-500, जाइडस की लिपाग्लिन समेत कई कंपनियों के ब्रांड की नकली दवाएं भी पकड़ी गई हैं। जांच में एंटीबायोटिक, दर्द निवारक और गैस्ट्रिक संबंधी दवाओं के नकली उत्पाद सामने आए हैं। सात जिलों में दर्ज हुईं 24 FIR FSDA के मुताबिक, नकली और काउंटरफिट दवाओं के निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री के मामलों में अब तक 24 FIR दर्ज कराई गई हैं। इनमें आगरा और लखनऊ में 9-9, वाराणसी में 2 और सहारनपुर, गोंडा, मेरठ व रायबरेली में एक-एक FIR दर्ज हुई है। चार राज्यों में मिलीं अवैध निर्माण इकाइयां जांच में यूपी के सहारनपुर स्थित देवबंद में एक अवैध दवा निर्माण इकाई का पता चला। इसके अलावा उत्तराखंड के देहरादून में दो, मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक और हिमाचल प्रदेश के सोलन में दो अवैध निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई की गई है। विभाग इन इकाइयों से जुड़े सप्लायरों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है। जल्द खत्म होगा नकली दवाओं का नेटवर्क FSDA की सचिव डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि नकली दवाओं का कारोबार मरीजों की सेहत और जिंदगी के साथ खिलवाड़ है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य सिर्फ नकली दवाओं की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को उसके निर्माण स्रोत से लेकर सप्लाई चेन की आखिरी कड़ी तक खत्म करना है। प्रदेश के किसी भी मरीज तक नकली या अमानक दवा न पहुंचे, इसके लिए कार्रवाई जारी रहेगी।