योगी बोले- कांग्रेस को नेतृत्व बदलना चाहिए:सपा को किसानों का श्राप ले डूबा; गोरखपुर में 9.18 लाख किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए

सीएम योगी ने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए अराजकता फैलाने से बाज नहीं आई तो जनता उसका बचा-खुचा राजनीतिक अस्तित्व भी समाप्त कर देगी। योगी ने कहा कि कांग्रेस को अपना नेतृत्व बदलना चाहिए। जिस नेतृत्व पर जनता का विश्वास नहीं रह गया है, उसे बदलने की आवश्यकता है। सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार में हुदहुद तूफान आया तो केंद्र ने किसानों की मदद के लिए 3,200 करोड़ रुपए दिए थे, लेकिन 800 करोड़ रुपए बांटकर बाकी रकम हड़प ली गई। किसानों का श्राप लगा और सपा सरकार चली गई। सीएम गोरखपुर में सोमवार को किसानों को राहत राशि बांटने के कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां से उन्होंने प्रदेश के 9.18 लाख किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपए की राहत राशि ट्रांसफर की। यह रकम बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दी गई। इससे पहले मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में 500 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। 3 तस्वीरें देखिए…. सीएम के कार्यक्रम से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…..