रोडवेज बस और टैंकर की भिड़ंत, 3 लोगों की मौत:हमीरपुर में 17 घायल, 6 गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

हमीरपुर में रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। घायलों में 6 की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसा बुधवार शाम करीब 8 बजे सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव के पास हुआ। महोबा डिपो की रोडवेज बस हमीरपुर से महोबा जा रही थी। हादसे के बाद बस के पीछे चल रही एक क्रेटा कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर के बाद बस में फंसे यात्री, लोगों ने निकाला प्रत्यक्षदर्शी दीपक शर्मा ने बताया- टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई यात्री अंदर फंस गए। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। बस में करीब 20 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया कि अस्पताल में 17 घायलों को लाया गया। इनमें 3 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 6 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

बस और टैंकर चालक समेत 3 की मौत हादसे में महोबा डिपो के बस चालक निसार, टैंकर चालक नंद किशोर और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं परिचालक संग्राम समेत 17 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।