यूपी में बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। करीब 80 घंटे तक हुई बारिश से शहर से लेकर गांव तक पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। बाराबंकी में 30 दिन से सरयू नदी में लटकी 150 साल पुरानी मस्जिद बह गई। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर सोनिक टोल प्लाजा के पास 2-3 फीट जलभराव हो गया। पंप की मदद से पानी को एक्सप्रेस-वे से बाहर निकाला गया। लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल परिसर में पानी भर गया। इकाना स्टेडियम के पास सड़क धंस गई। हरदोई में ADM की गाड़ी कीचड़ में फंस गई। लोगों ने धक्का देकर निकाला। कोतवाली में पानी भर गया। बरसाती पानी SHO के कमरे में घुस गया। बरेली में आकाशवाणी केंद्र में इतना पानी भर गया कि लोग पटरे की नाव बनाकर बाहर निकला। आंधी-बारिश से प्रदेश में 2 दिन में 63 लोगों की मौत हो चुकी है। अलग-अलग जिलों में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं हैं। कुशीनगर में गंडक बैराज के 36 फाटक खोल दिए गए हैं। सीएम योगी ने लोगों से अपनों का ख्याल रखने की अपील की है। इससे पहले, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और बरेली समेत लगभग पूरे प्रदेश में जोरदार बारिश हुई। 30-40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलीं। गांव, गली और मोहल्लों में पानी भर गया। सड़कें तालाब बन गईं। हजारों पेड़ और पोल उखड़कर गिर गए। यूपी में पिछले तीन दिनों में 111.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर 9.4 मिमी बारिश होती है। यानी इन तीन दिनों में सामान्य से 1084% ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 46 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश-बाढ़ की 10 तस्वीरें देखिए… आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट, देखिए यूपी के मौसम से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी पढ़िए- आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक बारिश का अलर्ट है और बाढ़ के हालात कैसे हैं? जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…