लखनऊ-प्रयागराज में 100 की स्पीड से तूफान आया:सहारनपुर में ओले गिरे, झांसी में यूनिपोल उखड़ा; 75 जिलों में तूफान का अलर्ट

यूपी में नौतपा का असर नहीं दिख रहा है। भीषण गर्मी के बजाय बारिश-आंधी का सिलसिला जारी है। नौतपा के पांचवें दिन यानी शुक्रवार तड़के लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। 100 किमी. की रफ्तार से हवाएं चलीं। सहारनपुर में ओलों भी गिरे। वाराणसी में इतनी बारिश हुई कि कई इलाकों में जलभराव हो गया। झांसी में 5 क्विंटल वजनी यूनिपोल उखड़ गया। मौसम विभाग ने लखनऊ और असपास के इलाकों में अगले 2 घंटे में तूफान का अलर्ट जारी किया है। सुबह से प्रदेश भर में बादल छाए हैं। तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में तूफान का अलर्ट है। 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश का यह सिलसिला 31 मई तक जारी रह सकता है। गुरुवार देर शाम गाजियाबाद, मथुरा, कासगंज, संभल और फर्रुखाबाद में बारिश शुरू हुई। शाहजहांपुर में धूल भरी आंधी चली। झांसी और बदायूं में जमकर ओले गिरे। बांदा 47.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं की स्थिति बनी हुई है। इसी कारण प्रदेश में आंधी के साथ बारिश हो रही है। इससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है और तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। आंधी-तूफान और बारिश की तस्वीरें देखिए-

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? यूपी के मौसम की पल-पल अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…