यूपी में मानसूनी बारिश जारी है। शनिवार को कई जिलों में बारिश हुई। दोपहर करीब 12:30 बजे लखनऊ में अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। इससे पहले सुबह मथुरा में करीब दो घंटे बारिश होने से निचले इलाकों में जलभराव हो गया। हाथरस में 45 मिनट की बारिश से सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कई इलाकों में बिजली भी गुल रही। आगरा में 15 मिनट की तेज बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। वहीं, इटावा में शाम को करीब आधे घंटे तक बूंदाबांदी हुई। इससे पहले शुक्रवार को भी प्रदेश के 20 जिलों में बारिश हुई थी। कानपुर में 3 जुलाई को 108 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 15 साल में जुलाई के एक दिन की सबसे ज्यादा बारिश है। इससे पहले 1 जुलाई 2011 को 101 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में औसतन 6.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 5.7 मिमी से 9% अधिक है। हालांकि, 1 जून से अब तक प्रदेश में 64.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 112.5 मिमी के मुकाबले 43% कम है। बारिश की 3 तस्वीरें देखिए- अगले 2 दिन उमस भरी गर्मी के आसार मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी ओडिशा तट के पास बने मौसम सिस्टम का असर यूपी पर भी पड़ा है। इसके कारण अगले दो दिनों तक प्रदेश में मानसून कमजोर रहेगा। इस दौरान पश्चिमी और दक्षिणी यूपी के कुछ जिलों में ही हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वी और मध्य यूपी में बारिश कम होने और हवा में नमी ज्यादा रहने से उमस और गर्मी बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन बाद मानसून फिर से सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में बारिश बढ़ने की संभावना है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मानसून सक्रिय हो गया है। अब लगातार बारिश की संभावना बनी रहेगी। तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट हुई है। अगले एक हफ्ते तक मौसम ऐसा ही रहेगा। हालांकि, मानसून के दौरान लखनऊ समेत प्रदेश में सामान्य से कम बारिश के आसार हैं। यूपी के मानसून के पल-पल के अपडेट्स जानने के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…