महापर्व छठ के तीसरे दिन आज रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य यानी डूबते सूरज को अर्घ्य दिया जा रहा है। लखनऊ में सीएम योगी ने सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं पर फूल भी बरसाए। लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर छठ पूजा के आयोजन में पद्मश्री मालिनी अवस्थी छठी मैया के गीत गा रही हैं। उनके साथ 100 से ज्यादा कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे हैं। उधर, वाराणसी के राजा घाट पर छठ मनाने के लिए फ्रांस से लिया पहुंचीं। उन्होंने माथे पर सिंदूर लगाया और साड़ी पहनकर पूजा में शामिल हुईं। लिया ने बताया वह खास तौर पर छठ पूजा में शामिल होने के लिए वाराणसी आई हैं। लखनऊ में गोमती नदी के किनारे 110 घाटों पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। कई महिलाएं दंडवत करते हुए लक्ष्मण मेला मैदान घाट पहुंचीं। घाटों पर कहीं धोबिया नृत्य की प्रस्तुति हुई तो कहीं छठी मैया के गीत गूंजे। बच्चे सूर्य भगवान और छठी मैया का रूप बनाकर पहुंचे। कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में भी व्रती महिलाओं ने गंगा घाटों पर पहुंचकर पूजा की। उनके दउरे फल और पूजा सामग्री से सजे नजर आए।