यूपी में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 4 लाख की आबादी प्रभावित है। लखनऊ से सटे बाराबंकी में सरयू का कटान तेज हो गया है। मंगलवार को दूरसंचार केंद्र नदी में समा गया। फर्रुखाबाद में गंगा का पानी गांवों में घुस गया। लोग बड़ी कड़ाही को नाव बनाकर आवाजाही कर रहे हैं। 10 दिन में 15 मकान गंगा में समा चुके हैं। प्रयागराज में हनुमान मंदिर अब पानी से घिरा हुआ है। 10वें दिन भी लेटे हनुमानजी जलमग्न हैं। कानपुर और उन्नाव में पांडू नदी का पानी बस्तियों में घुस गया है। गलियों में नावें चल रही हैं। बिजनौर में गंगा नदी के बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ रिहाइशी इलाके में पहुंच गया। गांव वालों ने उसे रस्सी से बांधकर वन विभाग को सौंप दिया। बलिया में सरयू की बाढ़ में कारें और बाइकें डूब गईं। इधर, बुधवार सुबह से प्रयागराज, कौशांबी, भदोही समेत 10 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पूर्वी यूपी के ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं। जबकि, मध्य और पश्चिमी यूपी में धूप खिली है। आज 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम की वजह से लखीमपुर, बरेली में 8वीं और वाराणसी में 5वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मानसून अब अपने अंतिम चरण में है। मध्य और पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में अगले 24 घंटे में बारिश का सिलसिला थम जाएगा। आम तौर पर यूपी से मानसून की वापसी सितंबर के तीसरे हफ्ते में होती है। इस बार भी हालात लगभग तय समय के आसपास ही मानसून वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं। यूपी में बारिश और बाढ़ के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-