लड़की ने प्रेमी से कराई दादा की हत्या:फिरोजाबाद में गला रेतकर लाश जलाई, खुद से लिखा सुसाइड नोट पुलिस को पकड़ाया

फिरोजाबाद में लड़की ने अफेयर में रोड़ा बने बाबा की प्रेमी से हत्या करवा दी। बीते 25 जून को 55 साल के बुजुर्ग की लाश मिली थी। इसका खुलासा करते हुए पुलिस ने रविवार सुबह 10 बजे लड़की और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जांच में सामने आया कि दादा को लड़की के अफेयर के बारे में पता था। वो उसे समझाते भी थे, लेकिन लड़की मानने को तैयार नहीं थी। परिवार वालों ने लड़की की शादी कहीं और तय कर दी। इसके बाद दोनों ने लव मैरिज का फैसला लिया, लेकिन दादा शादी के लिए तैयार नहीं हुए। लड़की और उसके प्रेमी ने मिलकर दादा का गला रेतकर हत्या दी। उनके शव को जला दिया। आत्महत्या दिखाने के लिए खुद से लिखा सुसाइड नोट पुलिस को पकड़ा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। वारदात टूंडला इलाके की है। पशुओं के बाड़े में मिली थी दादा की लाश मोहम्मदाबाद गांव के रहने वाले नरेंद्र पाल किसान थे। 25 जून की सुबह उनकी लाश पशुओं के बाड़े में जली हुई हालत में मिली। उनके गले पर धारदार हथियार के निशान थे। जिससे मामला संदिग्ध लगा। घटना के कुछ घंटों बाद, घर वालों ने पुलिस को एक सुसाइड नोट सौंपा। इसमें जमीन दोनों बेटों के नाम करने के साथ ही पोती रश्मि (20) की शादी उनकी मर्जी के खिलाफ होने की बात लिखी थी। हालांकि, सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस का रश्मि पर शक गहरा गया। पुलिस ने रश्मि के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। जिसके बाद शिकोहाबाद के डायनी गांव के रहने वाले विपिन (22) का नाम सामने आया। गांव वालों और परिजनों से पूछताछ में पता चला कि रश्मि का विपिन से अफेयर था। पुलिस ने विपिन को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इस दौरान उसने नरेंद्र पाल की हत्या की बात कबूल की। 6 जुलाई को आनी थी रश्मि की बारात आरोपी विपिन ने बताया- वह 4 साल से रश्मि के साथ प्रेम संबंध में था। लेकिन रश्मि के दादा दोनों की शादी के लिए राजी नहीं थे। रश्मि की शादी कहीं और तय कर दी गई। 6 जुलाई को उसकी बारात आने वाली थी। इसी वजह से दोनों ने शादी में रोड़ा बने दादा की हत्या की प्लानिंग की। 18 जून को रश्मि घर से भागकर अपने प्रेमी विपिन के साथ सोनीपत गई थी। वहीं, दोनों ने वहीं दादा नरेंद्र पाल की हत्या की साजिश रची। 24 जून को विपिन और रश्मि वापस आए। उसी रात विपिन ने बाहर अकेला पाकर दादा पर पहले चाकू से कई वार किए, फिर उनका गला रेतकर मार डाला। विपिन ने नरेंद्र की हत्या के बाद, शव पर कपड़े और बिस्तर डालकर आग लगा दी, ताकि इसे आत्महत्या या हादसा दिखा सके। पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के बाद रश्मि ने अपने प्रेमी को फोन कर घटना की जानकारी ली थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। ———————– यह खबर भी पढ़ें… इटावा में 13 साल की लड़की के धर्मांतरण की कोशिश:डांस सिखाने के बहाने दोस्ती की, बोली- धमकाकर देर रात मिलने बुलाते थे इटावा में 13 साल की लड़की का धर्मांतरण कराने की कोशिश की गई। लड़की डांस सीखने जाती थी, जहां उससे दोस्ती करके बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली गई और ब्लैकमेल किया। शुक्रवार को घर वालों ने कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन उस समय पुलिस ने इसे धर्मांतरण का मामला मानने से इंकार कर दिया था। हिंदू संगठन के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद शनिवार देर रात 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। पढ़ें पूरी खबर…