सोनभद्र में 25 मीटर सड़क बही,काशी में 50 मंदिर डूबे:यूपी में सड़कों पर दौड़े मगरमच्छ; आज पूरे प्रदेश में बरसात का अलर्ट

यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत 20 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में प्रयागराज में तेज बारिश से कई सड़कें पानी में डूब गईं। कई घरों में पानी घुस गया। अंडरपास में करीब 2 फीट पानी भरने से ट्रैफिक रोकना पड़ा। कौशांबी में घरों में पानी भर गया। पीलीभीत और बहराइच में खराब मौसम के कारण सभी स्कूल बंद कर दिए गए। इधर, प्रदेश में कई नदियां उफान पर हैं। सोनभद्र में घाघरा नदी का पानी बढ़ने से गुरमा जिला जेल की सड़क बह गई। इससे जेल का सीधा संपर्क टूट गया है। लोगों को अब 7-8 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर पिछले एक हफ्ते में 10 फीट से ज्यादा बढ़ गया है। अस्सी घाट से नमो घाट तक करीब 50 छोटे-बड़े मंदिर पानी में डूब गए हैं। गंगा का पानी अभी भी करीब 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का पानी गांवों में घुस गया है। पानी के साथ मगरमच्छ भी गांवों तक पहुंच गए हैं। खेतों-सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। प्रयागराज में कई घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। प्रदेश में पिछले तीन दिनों में बारिश और बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। बारिश की तस्वीरें- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया के कमजोर पड़ने के साथ ही मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मानसूनी रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, रांची होते हुए उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऐसे में यूपी में 24 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 3-4 दिन कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…