अलीगढ़ में SDM ने थाने में भागकर बचाई जान:भीड़ ने पथराव कर गाड़ी के शीशे तोड़े; गनर को जमकर पीटा

अलीगढ़ में बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने अतरौली SDM की गाड़ी पर हमला कर दिया। ईंट-पत्थर चलाए। पथराव से गाड़ी के शीशे टूट गए। पथराव में SDM, उनका ड्राइवर और गनर घायल हुए हैं। भीड़ इस कदर गुस्से में थी कि SDM घबरा गए। पथराव के बीच SDM और उनका ड्राइवर गाड़ी से उतरकर पैदल भागे और एक किलोमीटर दूर महुआखेड़ा थाने पहुंचे। वहीं, पथराव के बीच SDM का गनर गाड़ी में फंस गया। भीड़ ने उसे पीट दिया। कुछ लोगों ने गार्ड को बचाया। घटना की जानकारी मिलने पर 4 थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। लाठी फटकार कर लोगों को भगाया है। SSP नीरज जादौन भी मौके पर पहुंचे। वहीं, पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है। घटना महुआखेड़ा क्षेत्र कयामपुर की है। लोग नगर निगम की कार्रवाई से नाराज थे। 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला सरकारी जमीन पर दीवार बना रखी थी
महुआखेड़ा क्षेत्र के कयामपुर में सरकारी भूमि (गाटा संख्या 328 में 1730 मीटर) पर लोगों ने दीवार बना रखी थी। उसे हटाने के लिए बुधवार की शाम करीब चार बजे एसडीएम कोल महिमा राजपूत व नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह के नेतृत्व में टीम पहुंची थी। जैसे-तैसे नगर निगम ने अभियान चलाया और अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कराया। जेसीबी से दीवार को गिरा दिया गया। तभी विरोध में करीब 36 से ज्यादा महिलाएं व उनके साथ काफी संख्या में पुरुष ने अतिक्रमण का विरोध शुरू कर दिया। जेसीबी के आगे लेटने का प्रयास किया। लोगों ने आरोप लगाया- नगर निगम रात होने के बाद अंधेरे में कार्रवाई करने गई थी और पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई थी। जिसके चलते लोगों ने जमकर उपद्रव किया और नगर निगम की टीम से भिड़ गए। नगर निगम के साथ लोगों का टकराव एक घंटे तक चलता रहा। नगर निगम की ओर से थाने में तहरीर शिकायत की गई।। महुआखेड़ा से गुजर रहे थे एसडीएम अतरौली
नगर निगम की टीम अवैध अतिक्रमण हटाने के बाद मौके से चली गई थी। लेकिन इस कार्रवाई से नाराज लोग मौके पर जमा थे और अधिकारियों का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान अतरौली एसडीएम सुमित सिंह की गाड़ी मौके से गुजरी। बताया जा रहा है कि लोग एसडीएम की गाड़ी देखकर भड़क उठे। उन्हें ऐसा लगा कि अधिकारी दोबारा से वहां पर कार्रवाई करने के लिए आए हैं। जिसके बाद लोगों ने बिना कुछ सोचे समझे अतरौली एसडीएम सुमित सिंह की गाड़ी पर पथराव कर दिया। जिसमें एसडीएम, उनके ड्राइवर और गनर के चोटें आईं। एसडीएम गाड़ी छोड़कर मौके से पैदल भागे। एक किलोमीटर दूर महुआखेड़ा थाने पहुंचे। हमले की सूचना पर पहुंची 4 थाने की फोर्स
अधिकारियो को जैसे ही एसडीएम के ऊपर हमले की सूचना मिली, तो महुआखेड़ा, गांधीपार्क समेत चार थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसएसपी नीरज जादौन भी मौके पर पहुंचे और तत्काल हालात पर काबू पाया गया। पुलिस के पहुंचने पर हंगामा कर रहे लोग मौके से गायब हो गए। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों में से एसडीएम पर हमला करने वाले कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं इलाके में आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चेक कराए जा रहे हैं, जिससे एसडीएम पर हमला करने वालों को चिह्नित करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। पुलिस बोली- हमारे पास नहीं थी सूचना
सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया- नगर निगम ने अपनी कार्रवाई के बारे में क्षेत्रीय थाने में न लिखित सूचना दी और न ही फोन से जानकारी दी थी। हंगामे की सूचना जब थाने में पहुंची तो थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर आए थे और लोगों को शांत कराया था। लेकिन इस दौरान दूसरी गली में लोग एकत्रित हो गए थे। तभी एसडीएम अतरौली की गाड़ी यहां से गुजर रही थी, तभी लोगों ने उन्हें नगर निगम का अधिकारी समझकर हमला कर दिया। रात में अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा था। नगर निगम ने दी थी पुलिस को सूचना
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया- नगर निगम की टीम ने पुलिस को सूचना दी थी और इसके बाद ही कार्रवाई करने पहुंची थी। पुलिस की ओर से वहां दो-तीन कॉन्स्टेबल भी भेजे गए थे और उनके सामने ही कार्रवाई की गई। यह बात पूरी तरह से गलत है कि नगर निगम रात को कार्रवाई करने पहुंचा था। हमारी टीम ने शाम 4 बजे कार्रवाई पूरी कर ली थी और वहां से लौट आई थी। इसके बाद यह घटना हुई है। ——————— ये खबर भी पढ़ें… वाराणसी में रशियन ने खुद को कमरे में बंद किया:पुलिस ने जब तक होटल का दरवाजा तोड़ा, दोनों लड़कियां खिड़की से भागीं वाराणसी में बुधवार दोपहर होटल टाउन हाउस में पुलिस ने छापेमारी कर एक सेक्स रैकेट पकड़ा। इस दौरान 2 रशियन युवती ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर घुसी, तब तक रशियन कमरे की खिड़की से भाग चुकी थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…